logo

बिरसा मुंडा स्मृति पार्क पहुंचे पीएम मोदी, संग्रहालय देखा; राज्यपाल-सीएम भी थे साथ

a683.jpeg

द फॉलोअप डेस्क:

2 दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचे पीएम मोदी बुधवार को रांची के बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंचे। पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने यहां धरती आबा बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि भगवान बिरसा मुंडा ने 3 फरवरी 1900 को गिरफ्तारी के बाद अपने जीवन के आखिरी कुछ महीने यहां बिताए थे। पीएम के दौरे को लेकर रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 

केवल 15 मिनट स्मृति पार्क में रुकना था पीएम को
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी को बिरसा मुंडा स्मृति पार्क एवं संग्रहालय में केवल 15 मिनट ही रुकना था लेकिन उन्होंने इससे ज्यादा वक्त वहां बिताया। प्रधानमंत्री मोदी ने स्मृति पार्क सहित संग्रहालय का भी अवलोकन किया। संग्रहालय के मुख्य द्वार में बिरसा मुंडा के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित जानकारियां लिखी हैं। उसके आगे आदिवासी जन-जीवन को दर्शाती मूर्तियां बनी हैं। आगे बढ़ने पर मुख्य जेल है जहां के एक सुरक्षित कक्ष में भगवान बिरसा मुंडा को गिरफ्तारी के बाद रखा गया था। कहा जाता है कि यहीं 7 जून 1900 को बिरसा मुंडा की तबीयत बिगड़ी और 9 जून को उनका निधन हो गया। बिरसा मुंडा ने अपने जीवन के आखिरी तकरीबन 3 महीने यहीं बिताए थे। प्रधानमंत्री ने उस कक्ष का भी अवलोकन किया जहां बिरसा मुंडा ने अपने प्राण त्यागे थे। यहां भगवान बिरसा मुंडा की वंशावली भी लिखी हुई है। वहीं, कक्ष में बिरसा मुंडा की प्रतिमा है। प्रतिमा के दाहिनी ओर उनका आखिरी संदेश भी लिखा है। 

प्रधानमंत्री के साथ मौजूद थे सीएम और राज्यपाल
पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री स्मृति पार्क और संग्रहालय का दौरा करते हुए मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से बातचीत भी करते दिखे और जानकारियां लीं।

 

भगवान बिरसा मुंडा को इस जेल में 2 बार रखा गया था
बता दें कि ब्रिटिश शासन काल में रांची के आसपास हो रहे विद्रोहों के सेनानियों को सश्रम की सजा सुनाए जाने के बाद रांची के इसी जेल में रखा जाता था। भगवान बिरसा मुंडा को पहली बार सन् 1895 में 2.5 महीने के लिए और दूसरी बार 1900 में उनकी मृत्यु तक यहां कैद रखा गया था। बाद में यह जेल काफी जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद राज्य के सहयोग से इस जेल का जीर्णोद्धार कराया गया। 15 नवंबर 2021 में पीएम मोदी और सीएम हेमंत सोरेन ने इसका उद्घाटन किया। बिरसा मुंडा स्मृति पार्क का भ्रमण करने के पश्चात पीएम मोदी खूंटी के मुख्य कार्यक्रम के लिए प्रस्थान कर गए।