logo

गोड्डा में हुई लूटपाट की घटना का पुलिस ने किया पर्दाफाश, 3 अपराधी गिरफ्तार

godda__.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले के बसंतराय थाना क्षेत्र अंतर्गत कपेटा मोड़ से कैथपुरा के बीच 15 सितंबर 2025 की रात हुई लूटपाट की घटना का गोड्डा पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। यह घटना रात करीब 10:00 से 11:00 बजे के बीच हुई थी, जब पीड़ित मो. इजहार आलम बिहार के कुरमा स्थित अपना होटल बंद करके मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। 4-5 अज्ञात अपराधकर्मियों ने उन्हें हथियार के बल पर रोककर 10,000 से 12,000 रुपये की लूट की थी। पीड़ित के आवेदन के आधार पर बसंतराय थाना में कांड संख्या 68/2025 दर्ज किया गया था।
मामले को देखते हुए गोड्डा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर , गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। जांच के दौरान, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का इस्तेमाल किया और तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया। गहन पूछताछ में, इन तीनों ने इस वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और खुलासा किया कि घटना में उनके अलावा 2-3 अन्य लोग भी शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिश कुमार (उम्र करीब 23 वर्ष, सा. बिसम्भर चक), सुमन कुमार साव (उम्र करीब 24 वर्ष, सा. कपेटा), और संजीव कुमार रविदास (उम्र करीब 20 वर्ष, सा. कैथपुरा) के रूप में हुई है। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से लूट की गई राशि में से कुल 3,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के दो एंड्रॉइड फोन और घटना स्थल पर अभियुक्त सुमन कुमार साव का छूटा हुआ एक हवाई चप्पल भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने जानकारी दी कि गिरफ्तार अभियुक्त नितिश कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बसंतराय थाना में पहले से ही आर्म्स एक्ट के तहत मामला (कांड सं0-61/2024) दर्ज है। पुलिस अब इस कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए गहन अनुसंधान और लगातार छापामारी कर रही है। वहीं गिरफ्तार किए गए तीनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand kahbar jharkhand update godda news godda khabar godda update crime news crime update godda crime news