द फॉलोअप डेस्क
आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर गिरिडीह पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। विधि-व्यवस्था संधारण एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने को लेकर शनिवार को पुलिस केंद्र गिरिडीह परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने किया।
मौके पर एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को मुहर्रम के दौरान उत्पन्न संभावित स्थिति, उपद्रवियों से निपटने एवं भीड़ नियंत्रण से जुड़ी रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही दंगा नियंत्रण से जुड़े आग्नेयास्त्र और उपकरणों के उपयोग का अभ्यास कराया गया।
इस अभ्यास का उद्देश्य मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को लेकर पुलिस बल को सजग और तैयार रखना है। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस कर्मियों ने दंगा रोधी उपकरणों के साथ प्रदर्शन किया, जिसमें आंसू गैस गोले, बुलेट प्रूफ जैकेट, शील्ड, लाठी एवं अन्य उपकरणों का प्रयोग कर स्थितियों से निपटने की रणनीति पर अमल किया गया।
एसपी ने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान प्रत्येक क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए, साथ ही किसी भी अफवाह या विवाद की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर डीएसपी मुख्यालय, ट्रेफिक इंस्पेक्टर, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी समेत दर्जनों पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे।