द फॉलोअप डेस्क
नगड़ी स्थित RIMS-2 की प्रस्तावित जमीन पर रांची जिले के विभिन्न इलाकों से आए आदिवासी समुदाय के लोग धान रोपनी कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के नेतृत्व में आज होने वाले 'हल चलाओ रोपा रोपो' कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग मौजूद हैं।
पुलिस द्वारा इस कार्यक्रम को रोकने के लिए सुबह से ही प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग खेतों में घुसकर पारंपरिक गीत और नृत्य के साथ धान रोपनी कर रहे हैं। पुलिस उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दाग रही है, लेकिन इसके बावजूद लोग अपना कार्यक्रम जारी रखे हुए हैं। पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग सभी लोग खेतों में पुलिस के रोकने के बावजूद भी धान रोपनी कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने आज सुबह पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को हाउस अरेस्ट किया था, और उन्हें उनके घर से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है। वहीं, अलग-अलग जिलों से रांची आ रहे कई भाजपा नेताओं को भी पुलिस ने रांची पहुंचने से पहले डिटेन कर लिया। इस कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को भी पुलिस ने तमाड़ में डिटेन किया।
