द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने एक बंद कंटेनर वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की और वाहन चालक गिन्दर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिन्दर सिंह, जो पंजाब का निवासी है, ने अपना दोष कबूल करते हुए बताया कि वह पंजाब से अवैध शराब की खेप को पटना ले जा रहा था। इस शराब की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया है।
पुलिस को आज को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि पंजाब से राउरकेला, सिमडेगा होते हुए एक बंद कंटेनर वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है और वह शराब पटना ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक सिमडेगा के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम में थाना प्रभारी सिमडेगा, थाना प्रभारी कोलेबिरा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम ने लगातार उस वाहन का ट्रैकिंग किया और अंततः रांची-राउरकेला मुख्य मार्ग पर पुलिस कैम्प के पास वाहन को रोक लिया। जैसे ही वाहन को रोका गया, उसका सहचालक वाहन से कूद कर भाग गया। वाहन में लदी शराब के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन चालक द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया और उसने फर्जी चलान बिल प्रस्तुत किया, जो कपास का था। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली और कंटेनर से 1,115 पेटी में कुल 40,052 बोतल अवैध शराब बरामद की।
पुलिस द्वारा जब्त की गई अवैध शराब की खेप में विभिन्न प्रकार की शराब शामिल थी, जिनमें DISCOUNT PREMIUM WHISKEY 180 ML (100 पेटी), BLUE STROKE WHISKEY 180 ML (580 पेटी), IMPERIAL BLUE 750 ML (140 पेटी), IMPERIAL BLUE 375 ML (125 पेटी), SHERRY PLATINUM WHISKEY 750 ML (20 पेटी), MC DOWELLS NO. 1 WHISKEY 750 ML (75 पेटी), और MC DOWELLS NO. 1 WHISKEY 350 ML (75 पेटी) शामिल हैं। इसके अलावा, वाहन में एक कंटेनर ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर: UP 21 CT – 6760) भी जब्त किया गया।
पुलिस ने वाहन चालक गिन्दर सिंह को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और अग्रिम कार्रवाई जारी है। पुलिस को इस बड़ी सफलता के बाद अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी नजर रखने की आवश्यकता और बढ़ गई है।
