जामताड़ा
महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को जिले भर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। शहर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
शाम होते ही विभिन्न क्षेत्रों में पारंपरिक शिव बारात निकाली गई। शहर के रजवाड़ी पुराना हटिया परिसर स्थित शिव मंदिर परिषद द्वारा भव्य शिव बारात का आयोजन किया गया। बारात मंदिर परिसर से निकलकर मुख्य बाजार का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर पहुंची, जहां शिव-पार्वती विवाह की प्रतीकात्मक रस्म अदा की गई। बैंड-बाजे, आकर्षक झांकियों और सजी-धजी झलकियों के बीच निकली बारात को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।

मंत्री की मौजूदगी से बदला माहौल
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। गौरतलब है कि नगर निकाय चुनाव को लेकर अब तक वे खुलकर प्रचार में सक्रिय नजर नहीं आए थे। ऐसे में शिव बारात के मंच पर उनकी उपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। इस दौरान झामुमो समर्थित नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी चमेली देवी भी मौजूद रहीं। वहीं कांग्रेस नेत्री मुक्ता मंडल, जो अध्यक्ष पद की उम्मीदवार हैं, उन्होंने भी कार्यक्रम में भाग लिया। अलग-अलग दलों से जुड़े नेताओं और प्रत्याशियों की एक ही मंच पर मौजूदगी को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी समय में धार्मिक आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी खास संदेश देती है। हालांकि कार्यक्रम का स्वरूप पूरी तरह धार्मिक था, लेकिन निकाय चुनाव की पृष्ठभूमि में इसे सियासी नजर से भी देखा जा रहा है।
.jpeg)
कई स्थानों से निकली शिव बारात
रजवाड़ी के अलावा पुराना कोर्ट परिसर, पुलिस लाइन सहित अन्य क्षेत्रों से भी शिव बारात निकाली गई। देर रात तक विभिन्न मार्गों से गुजरती ये बारातें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
डॉ. इरफान अंसारी ने शिव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और लोगों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है। कार्यक्रम में विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महाशिवरात्रि के इस आयोजन में जहां भक्ति का रंग गहरा नजर आया, वहीं नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी भी चर्चा के केंद्र में रही।
