द फॉलोअप डेस्क
सरहुल पर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सरहुल पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था को लेकर डीसी राहुल कुमार सिन्हा व एसएसपी कौशल किशोर ने इसको लेकर आदेश जारी कर दिया है। बताते चलें कि 24 मार्च 2023 को सरहुल पर्व मनाया जाएगा। इस त्योहार में लाखों की संख्या में स्त्री/पुरुष एकत्रित होते हैं। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जगहों पर सरना स्थल पर पूजा की जाती है, इस अवसर पर भीड़ में असामाजिक तत्व सक्रिय रह सकते हैं। जुलूस पर निगरानी रखने, गश्ती दल व विधि व्यवस्था व्यस्था बनाए रखने के लिए 24.03.2023 के प्रातः 09:00 बजे से सरहुल पर्व के शांति पूर्ण समाप्ति तक के लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

53 स्थानों पर होगी विशेष चौकसी
रांची शहरी क्षेत्र के मुख्य सरना स्थल हातमा, रेडियम रोड, शहीद चौक, सहित 53 स्थानों पर विशेष चौकसी के लिए मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं, शहरी क्षेत्र के सभी मुख्य चौक- चौराहे, चांदनी चौक, कांके रोड, हातमा से रेडियम रोड सहित कुल 10 गश्ती क्षेत्रों में निगरानी के लिए अलग से मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है।
ग्रामीण इलाकों में चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा
रांची के ग्रामीण इलाकों में भी व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। सदर अनुमंडल के तहत रातू थाना, बड़काटोली, काठीटांड़, कंडे सहित कुल 34 स्थानों पर भी निगरानी एवं विधि व्यवस्था संधारण के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। जबकि, बुंडू अनुमंडल क्षेत्र के बुंडू, सोनाहातू थाना सहित कुल 04 थाना क्षेत्र में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा जिला कंपोजिट कंट्रोल रूम रांची, सुरक्षित मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही एनडीसी को जिला कंपोजिट कंट्रोल रूम रांची के दूरभाष संख्या 0651-2207784 एवं 2215855 सुचारू रूप से संचालन कराने का निदेश दिया है। कंट्रोल रूम में 02 विडियोग्राफर की प्रतिनियुक्ति करने एवं गश्ती दलों के लिये चार छोटे वाहन भी 24.03.2023 को जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराने कहा गया है।

चौक-चौराहों पर डॉक्टर के साथ एंबुलेंस तैनात
सिविल सर्जन, रांची को आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिये एक-एक एम्बुलेंस, चिकित्सक,चिकित्सा कर्मी एवं सभी आवश्यक दवा एवं उपकरण के साथ जिला नियंत्रण कक्ष, कचहरी चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, एकरा मस्जिद चौक, सिरम टोली (मुख्य सरना स्थल) एवं डोरंडा थाना में उपरोक्त अवधि में प्रतिनियुक्त करने का निदेश दिया है। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सरना स्थलों पर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने लिए नगर आयुक्त से अनुरोध किया गया है कि वे अपने स्तर से संबंधित पदाधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित करने के लिए अनुरोध किया गया है।
जुलूस के दौरान बंद रहेगी बिजली
जुलूस के दौरान बिजली नहीं रहेगी। इसको लेकर बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता से कहा गया है कि जुलूस/शोभा यात्रा के दौरान जुलूस के पथ एवं आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा के दृष्टिकोण से विद्युत आपूर्ति बंद रखें। वहीं, जुलूस समाप्ति के पश्चात आपूर्ति आरंभ करने का अनुरोध किया गया है। दूसरी ओर अग्निशाम पदाधिकारी रांची को जिला कम्पोजिट कंट्रोल रूम में 02, सिरमटोली में 01, मस्जिद चौक में 01 एवं अल्बर्ट एक्का चौक पर 01 अग्निशाम वाहन की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है।

जुलूस मार्ग में वाहनों का परिचालन रहेगा बंद
त्योहार को लेकर ट्रैफिक एसपी को निर्देश दिया गया है कि वे अपने स्तर से ट्रैफिक पुलिस की प्रतिनियुक्ति करें। साथ ही 24.03. 2023 को जुलूस के मार्ग में वाहनों का परिचालन एवं बाहरी क्षेत्रों में भारी वाहनों का दिन के 12:00 बजे से सरहुल पर्व की समाप्ति तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सभी बीडीओ, सीओ व थाना प्रभारी को समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत सरहुल पर्व के अवसर पर सतत एवं कड़ी निगरानी रखते हुए विधि-व्यवस्था संधारण करने का निर्देश दिया गया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT