द फॉलोअप डेस्क, जामताड़ा:
जामताड़ा में लगातार हो रही बारिश के बीच नारायणपुर थाना क्षेत्र के पन्दनी गांव में मंगलवार की देर रात बड़ा हादसा हो गया। बारिश के चलते कमजोर हुई ईंट की दीवार अचानक गिर गई जिसकी चपेट में आने से आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
मृतका की पहचान पन्दनी गांव निवासी शंकर राय की करीब 25 वर्षीय पत्नी लीलावती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 12 बजे दंपति अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान घर से सटी कमजोर दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर आ गिरी।
पत्नी की मौत, पति इलाजरत
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल नारायणपुर के एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया। धनबाद ले जाने के दौरान लीलावती की हालत और बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पति शंकर राय का इलाज जारी है।

आठ महीने की गर्भवती थी लीलावती
परिजनों ने बताया कि लीलावती आठ महीने की गर्भवती थी और करीब एक महीने बाद परिवार में बच्चे के जन्म की उम्मीद थी। हादसे में मां और अजन्मे बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। नारायणपुर अंचल के राजस्व कर्मचारी मिहिर सोरेन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है।