logo

आज रांची पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू,शहर के कई इलाके नो फ्लाइ जोन घोषित

DRAUPADIMURMU1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम 7 बजे रांची पहुंचेंगी और अगले दिन नामकुम स्थित इंडियन कौंसिल ऑफ एग्रीकल्चर रिसर्च के कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। उनके दौरे के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। रांची एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। 

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, हिनू चौक से राजेन्द्र चौक से सुजाता चौक से होटल रेडिसन ब्लू के 200 मीटर की परिधि में नो फ्लाइ जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में कोई भी अपने निजी कार्य के लिए ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून एवं किसी भी तरह के हवाई वस्तु का इस्तेमाल नहीं करेगा।  राष्ट्रपति की सुरक्षा में 6 IPS, 10 DSP, 25 इंस्पेक्टर, 20 दारोगा और 2 हजार से अधिक अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, बम निरोधक दस्ता, जैप, आईआरबी, रैफ और जगुआर की टीम भी तैनात की गई है। कार्यक्रम स्थल के आस-पास अवैध पार्किंग वर्जित होगी और सिर्फ पासधारी लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं तय कार्यक्रम को लेकर SSP चंदन सिन्हा ने सुरक्षा में लगाए गए सभी अफसरों और कर्मियों को सतर्क रहने को कहा है। साथ ही जिस रूट में राष्ट्रपति का आना-जाना होगा, वहां के थानेदारों को लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने कहा गया है। 

ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। आज काठीटांड की ओर जाने वाली सभी वाहन शहर से कांके की ओर से रिंग रोड होते हुए जाएंगी। इसके अलावा, एचईसी गेट से लेकर अरगोड़ा चौक, सहजानन्द चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक तक के रास्ते का इस्तेमाल शाम 5 से रात 08:30 बजे तक कम से कम करने को कहा है।। 20 सितंबर को रांची शहर में सुबह 08:00 बजे से 12:30 बजे तक सभी बड़ी, छोटी मालवाहक वाहनों, बसों, सवारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन वर्जित रहेगा। आकस्मिक सेवा के वाहनों को छूट दी गई है।

राष्ट्रपति के दौरे के लिए रांची पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं और निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यकतानुसार अन्य मार्गों को कम समय के लिए डायवर्ट और रोका जा सकता है।

Tags - झारखंड राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नो फ्लाइ जोन Jharkhand President Draupadi Murmu No Fly Zone