logo

Ranchi : रांची पहुंची राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू, सीएम ने इशारों-इशारों में कह दी बड़ी बात

joooo.jpg

रांचीः
एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार (presidential candidate) द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) रांची एयरपोर्ट पहुंच गयी हैं। भाजपा नेताओं ने उनका एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया है। दरअसल रांची आने के पीछे उनका मुख्य मकसद राज्य के विधायकों से समर्थन की अपील करना है। द्रौपदी मुर्मू के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर भव्य तैयारी की गई थी। पहले फ्लाइट 11 बजे पहुंचने वाली थी लेकिन शेड्यूल में कुछ बदलाव हो गया । इसके बाद उनका विशेष विमान 12:35 में रांची एयरपोर्ट पहुंचा। किसी कारणवश दो बार टाइमिंग में बदलाव हुआ। उनकी अगवानी करने के लिए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे। लोग बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे थे।


सीएम ने ट्वीट कर शुभकामनाएं दी 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren)  ने उनके आने पर खुशी जाहिर की है और ट्वीट कर कहा है की "एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी आज झारखंड आ रही हैं। भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती पर उनका हार्दिक स्वागत है। आदरणीय द्रौपदी मुर्मू जी को हमारी ओर से अनेक अनेक शुभकामनाएं और जोहार। " सीएम के इस ट्वीट के बाद ऐसा लग रहा है जैसे मुख्यमंत्री ने इशारों-इशारों में बता दिया है कि जेएमएम की तरफ से भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन मिलने वाला है। 


बैठक में रहेंगे ये नेता
एनडीए द्वारा आयोजित बैठक में द्रौपदी मुर्मू सांसदों और विधायकों को संबोधित करेंगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, नेता विधायकदल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद  आदित्य साहू शिरकत करेंगे। इसी शाम साढ़े 4 बजे द्रौपदी मुर्मू दिल्ली लौट जाएंगी।


चाणक्य बीएनआर में कार्यक्रम 
एयरपोर्ट से सीधे वह चाणक्या बीएनआर होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद संभवत जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन (Shibu Soren) से भी मुलाकात करेंगी।