द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान कार्यक्रम के तहत अब पंचायत कमेटी का चुनाव कर जिला कांग्रेस कमेटी के चुनाव की तैयारी की जा रही है। लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेंट्रल पर्यवेक्षक के रूप में छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री सह छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और स्टेट पर्यवेक्षक के रूप में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत, विधायक रामचंद्र सिंह चेरो शामिल हुए। कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से यह प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक मोहन मरकाम ने कहा कि लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला अध्यक्ष का चुनाव संपन्न कराना है, जिसे लेकर सेंट्रल कमेटी और स्टेट कमेटी द्वारा पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है। जिला अध्यक्ष के चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी ली जाएगी। सात दिनों तक जिला का भ्रमण कर अलग-अलग लोगों से मिलकर रायशुमारी की जाएगी, जिसकी रिपोर्ट आलाकमान को भेजी जाएगी। आलाकमान के निर्देश पर ही जिला अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। वहीं सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए जिला अध्यक्ष का पद महत्वपूर्ण होता है। आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन हो, इसके लिए कार्यकर्ताओं से रायशुमारी लेकर चुनाव संपन्न कराया जाएगा।
मौके पर पूर्व सांसद और कांग्रेस के स्टेट पर्यवेक्षक फुरकान अंसारी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी सच्ची देशभक्त पार्टी है। हमें दिखावा नहीं करना पड़ता है। माथे पर तिलक लगाने और राष्ट्रगान गाने से कोई देशभक्त नहीं होता है। लोगों को देखना चाहिए कि देश की आज़ादी के लिए कितने कांग्रेसियों ने जेल जाने का काम किया है और आज देशभक्ति के नाम पर देश को डुबाया जा रहा है।
