logo

रांची : सहायक आचार्य नियुक्ति नियमावली की प्रति जलाकर पूरे प्रदेश में जताया विरोध 

protest1.jpg

रांची:
‘शिक्षा मंत्री से कई दौर की वार्ता होने और उनके द्वारा टेट सफल सहायक अध्यापकों (TET successful assistant teachers) को समायोजित कर वेतनमान देने पर सहमति बनी थी। लेकिन उस वार्ता से शिक्षा मंत्री मुकर रहे हैं और अब नयी नियुक्ति नियमावली के तहत विज्ञापन निकालने की बात कर रहे हैं ‘। उक्त बातें टेट सफल सहायक अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद कुमार (Pramod Kumar) और महासचिव मोहन मंडल (Mohan Mandal) ने मंगलवार को संयुक्त रूप से प्रेस बयान जारी कर कहा। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में सहायक आचार्य नियुक्ति नियमावली की प्रति को जलाकर विरोध दर्ज किया गया है। यह नियमावली सरकार द्वारा जबरन थोपा जा रहा है। जो कहीं से न्यायोचित नहीं है। 


20 वर्षों का कार्य अनुभव होते हुए भी विद्यालयों में कर रहे काम
टेट सफल सहायक अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष और महासचिव ने कहा कि सरकार अल्पसंख्यक विद्यालयों में बिना टेट पास लोगों को नियुक्त कर गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा की बात करती है। इससे सरकार का दोहरा चरित्र प्रदर्शित होता है। महाधिवक्ता भी जेटेट सफल सहायक अध्यापक जो सहायक शिक्षक बनने की सारी अहर्ता को पूर्ण करते हैं,उन्हें समायोजित कर वेतनमान देने की सिफारिश सरकार से कर चुके हैं। इसके बावजूद भी सरकार हठधर्मिता के कारण वेतनमान से वंचित कर नियुक्ति नियमावली के तहत एक और परीक्षा से गुजरने की बात कर रही है। जबकि जेटेट सफल सहायक अध्यापक 20 वर्षों का कार्य अनुभव रखते हुए विद्यालयों में पठन पाठन का कार्य कर रहे हैं। सभी की उम्र बढ़ती जा रही है लोग अनेकों तरह की बीमारियों और परिवार की जिम्मेदारियों को वहन करते हुए अवसाद से ग्रसित हैं। ऐसी परिस्थिति में बार बार परीक्षा लेना न्यायोचित नहीं जान पड़ता है। 

प्रतिदिन आर्थिक तंगी और बीमारी से जान गवा रहे हैं सहायक अध्यापक
प्रमोद कुमार और मोहन मंडल ने कहा कि प्रतिदिन सहायक अध्यापक आर्थिक तंगी और बीमारी से काल के गाल में समा रहे हैं। उनके परिवार को सरकार एक रुपया भी नहीं दे रही है। रोज रोज नियुक्ति नियमावली लाकर उलझाने का कार्य कर रही है। आगामी 13 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों में महागठबंधन के पार्टी कार्यालय पर धरना दिया जायेगा। इसके बाद भी बात नहीं बनी तो 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर रांची में जेटेट सफल सहायक अध्यापकों का जुटान होगा। प्रदेश कमिटी के वार्ताकार सदस्य अपने अपने जिला में प्रति जलाकर विरोध जताया जिसमें सीमांत घोषाल,मीना कुमारी,कुणाल दास, संजय मेहता, डोमन महतो,सुनील यादव, तथा झरीलाल महतो शामिल हुए।