द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में इन दिनों स्वास्थ्य विभाग के सवाल-जवाब को लेकर मंत्री बन्ना गुप्ता व सरयू राय के बीच तलखी नजर आ रही है। इस बीच सोमवार को झारखंड विधानसभा में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने सरयू राय को चैलेंज करते हुए कहा कि वे साबित कर दें कि मैंने एक रुपए भी प्रोत्साहन राशि ली है तो इस्तीफा दे दूंगा। बजट अनुदान मांग पर सरकार की ओर से जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरयू राय आप के आधार पर सिस्टम नहीं चल सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि इस धरती पर आप ही एक ईमानदार हैं और बाकी सारे बेईमान हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेजरी बंद हो गया इस कारण मंत्री के खाते में पैसा नहीं गया। आप क्या चाहते हैं, आप जज नहीं हैं। कभी आप सरकार के पक्ष में बोलते हैं कभी आप सरकार के खिलाफ बोलते हैं। बन्ना गुप्ता ने कहा कि हम कोई भी काम करते हैं तो आपके पेट में दर्द होने लगता है। आप अपनी नसीहत अपने पास रखें।

मर्द और राजधर्म पर बन्ना-भानु हुए आमने-सामने
मर्द और राजधर्म को लेकर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई। दरअसल सदन के बाहर पिछले दिनों मंत्री ने कहा था कि भाजपा के लोग बताएं वे नई नियुक्ति नियमावली में हिंदी और संस्कृत के विरोधी हैं। अगर मर्द हैं तो खुलकर कहें। दरअसल सोमवार को भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने फिर इस मामले को उठाया और सरकार से जवाब मांगा। इस पर बन्ना गुप्ता ने कहा कि यहां आप लोग कहिए कि आप लोग उर्दू और संस्कृत के विरोधी हैं। मर्द हैं तो बोलिए। हम लोग भी इधर चूड़ी पहन कर नहीं बैठे हैं। समय बता देगा कि कौन मर्द है। उन्होंने आगे कहा कि आप लोग हमें राजधर्म न सिखाएं। क्योंकि, आपके पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 56 इंच वाले पीएम नरेंद्र मोदी से गुजरात दंगा के दौरान कहा था कि मोदी जी राजधर्म निभाएं। इसलिए आपलोग राजधर्म और मर्द की बातें न कहें।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT