द फॉलोअप डेस्क
देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र स्थित पुनासी डैम का एक स्पिलवे टूट गया है। इस कारण आसपास के कई गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया है। बता दें कि स्पिलवे डैम का जल निकासी द्वार होता है। इसके टूटने के बाद डैम का पानी तेजी से बहने लगा है, जिससे कई गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है और ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर गंभीर असर पड़ा है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर जेसीबी मशीनें और कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि पानी के बहाव को रोका जा सके और आगे की क्षति से बचा जा सके। जलस्तर के अचानक बढ़ने से पुनासी, छोटकी खड़खाड़, पंडरिया, जमुनियाटांड़, ग्वाल बढ़िया, बाधमारी समेत कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है।
प्रभावित ग्रामीणों ने बताया कि रात को तेज आवाज सुनकर वे घबराकर घरों से बाहर निकल गए। देखते ही देखते खेतों और रास्तों में पानी भर गया, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, काम पर जाने वाले लोगों और बीमार व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हो रही है।
