रामगढ़
इस जज्बे को सलाम। जी हां, नंगे पांव, कमर में साड़ी और सामने 1600 मीटर की दौड़। रामगढ़ में धूप से तपते मैदान पर साड़ी संभालते हुए यह महिला दौड़ रही है, सिर्फ नौकरी पाने के लिए नहीं, बल्कि अपने परिवार की उम्मीदों को पूरा करने के लिए। न पैरों में जूते हैं, न दौड़ने के लिए कोई खास पोशाक, फिर भी कदम नहीं रुक रहे हैं। बता दें कि रामगढ़ में होमगार्ड की बहाली होनी है। अलग-अलग प्रखंडों में कुल 284 पदों पर होमगार्ड जवानों की बहाली इसी महीने 24 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होनी है। इस बहाली में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण भी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो तब का है, जब बहाली से पहले अंकित रणर एकेडमी द्वारा रामगढ़ के सिद्धो-कान्हू मैदान में ट्रायल दौड़ (Trial Race) करवाई गई। जानकारी के अनुसार, 2 और 4 अक्टूबर को आयोजित इस ट्रायल दौड़ में काफी संख्या में महिला अभ्यर्थी शामिल हुईं। उन्हीं में से एक अभ्यर्थी का यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। हालांकि, आयोजनकर्ताओं ने बताया कि कई महिलाओं ने न सिर्फ साड़ी पहनकर दौड़ लगाई, बल्कि वे सेलेक्ट (Selected) भी हुईं। विभाग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार, पांच प्रतिशत पद तलाकशुदा और विधवा महिलाओं के लिए भी आरक्षित हैं।
क्या है मापदंड
महिला अभ्यर्थी के लिए 1600 मीटर दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी है, जबकि 8 मिनट में दौड़ पूरी करने पर इसे एक्सीलेंट (Excellent) माना गया है। पुरुष अभ्यर्थी के लिए 1600 मीटर दौड़ का समय 5 मिनट निर्धारित है।
.jpeg)