logo

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा : रांची में सुरक्षा का जायजा लेने सड़क पर उतरे DIG अनूप बिरथरे, SSP भी रहे मौजूद

a1262.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। रांची के प्रत्येक चौक-चौराहे पर भारी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इस बीच रांची रेंज के डीआईजी अनूप बिरथरे सड़क पर उतरे और हालात का जायजा लिया। डीआईजी ने चौक-चौराहों में घूम-घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। कोतवाली डीएसपी भी मौजूद रहे। रविवार को भी रांची पुलिस के जवानों ने फ्लैग मार्च किया था। रैपिड एक्शन फोर्स के जवान भी मौजूद थे।


सांप्रदायिक तनाव के लिहाज से संवेदनशील रांची
राजधानी रांची के कई इलाके सांप्रदायिक तनाव के लिहाज से संवेदनशील हैं। इसे ध्यान में रखते हुए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। भारी संख्या में हथियारबंद पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। वरीय पुलिस अधिकारी लगाार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। रांची जिला में सभी थानों के वरीय पुलिस पदाधिकारियों को सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है। डीजीपी ने रविवार को विशेष मीटिंग बुलाकर सभी जिलों के डीसी और एसपी को अपने यहां चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया था। धनबाद के टुंडी थानाक्षेत्र अंतर्गत कदैया गांव में भगवा झंडा लगाने के दौरान दो पक्षों में पथराव और मारपीट की घटना के बाद पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। 

रांची पुलिस ने भ्रामक खबर और अफवाहों पर ये कहा
रविवार को रांची पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आम लोगों से शहर की शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सहयोग की अपेक्षा की थी। रांची पुलिस ने कहा था कि उनकी सोशल मीडिया पर खास निगाह है। सोशल मीडिया में सांप्रदायिक सद्भाव, सौहार्द और शांति भंग करने वाले किसी भी पोस्ट पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि वे भ्रामक और अफवाह फैलाने वाले सोशल मीडिया पोस्ट या खबरों पर विश्वास न करें। ऐसे किसी पोस्ट की जानकारी मिलने पर पुलिस को अविलंब सूचना दें।