logo

राजधानी रांची को मिला पूर्वी जोन के स्मार्ट शहरों में बेस्ट परफॉर्मर सिटी का खिताब

ranchi7.jpg

द फॉलोअप डेस्क  
राजधानी रांची ने एक बार फिर से इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्टेस्ट अवार्ड हासिल किया है। इंदौर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह सम्मान ब्रिलिएंट कन्वेंशन केंद्र में हो रहे इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव-2023 में दिया गया। बता दें कि रांची को यह अवार्ड स्मार्ट सिटी मिशन के सिक्योरिटी, यातायात प्रबंधन, अर्बन मोबिलिटी, सोशल एस्पेक्ट और लैंड मोनेटाइजेशन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया गया है। रांची को पूर्वी जोन के स्मार्ट शहरों में बेस्ट परफॉर्मर सिटी के अवार्ड से नवाजा गया है। बता दें कि झारखंड सरकार की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव और रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ सह प्रबंध निदेशक विनय कुमार चौबे, राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार और स्मार्ट सिटी रांची के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदकुलियार ने अवार्ड हासिल किया। 

इस आधार पर चुना गया रांची को 

गौरतलब है कि अवार्ड की रूपरेखा इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्टेस्ट अवार्ड-2022 के आधार पर तैयार की गयी है। इस सम्मान के निर्णय लेने से पहले देश के सभी 100 स्मार्ट शहरों से उनके शहर में हो रहे विशेष प्रोजेक्ट की जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन और वीडियो के जरिये मंगवाई गयी थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्रालय के अफसरों ने हर शहर में जाकर इन प्रोजेक्ट्स को धऱातल पर देखा। बता दें कि रांची की ओर से इस बार सिटी सिक्योरिटी, यातायात प्रबंधन, अर्बन मोबिलिटी, सोशल एस्पेक्ट और लैंड मोनेटाइजेशन के फील्ड में प्रस्ताव भेजे गये थे। 

सीएम हेमंत सोरेन ने दी बधाई 

राजधानी रांची को सम्मान मिलने पर सीएम हेमंत सोरेन खुशी जाहिर की है। साथ ही सोरेन ने नगर विकास एवं आवास विभाग तथा रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के कर्मियों को बधाई संदेश भेजा है। सीएम ने कामना की है कि आने वाले दिनों में रांची का परफार्मेंस राष्ट्रीय पटल पर अपनी अलग पहचान बनायेगा। इस मौके पर नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने भी रांची स्मार्ट सिटी की पूरी टीम को शुभकामना दी है।