logo

आदिवासी महिला अपमान कांड पर उबाल, आरोपियों की तलाश में घरों में घुसी भीड़, अब तक 4 गिरफ्तार 

KOKAR002.jpg

रांची 
रांची के कोकर स्थित भाभा नगर में आदिवासी महिला के साथ कथित तौर पर कालिख पोतने की घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है। गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में आदिवासी-मूलवासी समाज के लोग पीड़िता के घर पहुंचे और घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताया। लोगों ने पीड़िता का हालचाल जाना और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटना से गुस्साए लोग आरोपियों के घरों तक पहुंचने लगे हैं। भीड़ महिला और पुरुष आरोपियों की तलाश में घरों में घुस रही है। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी खुलकर सामने आई। हालात को देखते हुए पुलिस ने एक आरोपी की मां को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पीड़िता को कालिख पोतने से पहले तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया था। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है।


पुलिस की कार्रवाई जारी, चार आरोपी गिरफ्तार
मौके पर पहुंचे सदर थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। सामाजिक कार्यकर्ता ज्योत्स्ना केरकेट्टा ने कहा कि इस घटना से आदिवासी समाज में भारी आक्रोश है। प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Tags - Jharkhand Violence Crowd Arrest Tension