द फॉलोअप डेस्क
राजधानी में होने वाली जी 20 देशों की बैठक के अलावा होली और शब-ए-बारात जैसे पर्व त्योहार को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। शनिवार को रांची एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले के सभी डीएसपी और थानेदारों के साथ बैठक की। इस बैठक में जी 20, होली और शब ए बारात की सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

थानेदारों को जारी किए गए निर्देश
जी-20 देशों की बैठक को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो चुकी है। देश-विदेश से आने वाले मेहमानों के स्वागत और सुरक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। एक मार्च से लेकर चार मार्च तक राजधानी की सुरक्षा हर तरह से चाक-चौबंद रहेगी। इस लेकर रांची एसएसपी किशोर कौशल ने शनिवार को शहरी और ग्रामीण सभी थानेदारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान थानेदारो को निर्देश दिया गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहेंगे। शहर में हर दिन नियमित अपने देख रेख में वाहन चेकिंग अभियान चलाएंगे। चार पहिया वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखने की हिदायत दी गई है। बैठक में एसएसपी ने लंबित कांडो के निष्पादन को लेकर भी थानेदारों को निर्देश दिए।
पुलिस छावनी में तब्दील होगी रांची
जी-20 देशों की बैठक के दौरान पूरी रांची पुलिस छावनी में तब्दील रहेगी। समारोह स्थल से लेकर जिन होटलों में मेहमान रहेंगे उसकी सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया गया है। रांची एसएसपी ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी तादाद में पुलिस बलों की तैनाती की जायेगी। वहीं जिन होटलों या स्थानों पर जी-20 देशों के प्रतिनिधि रुकेंगे। वहां पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी पुलिसकर्मियों को लगातार ब्रीफ किया जा रहा है। रांची एसएसपी के अनुसार जी 20 देशों के प्रतिनिधियों की बैठक रांची में होना है। रांची के लिए एक बड़ा सम्मान है। ऐसे में देश-विदेश से आने वाले मेहमानों की सुरक्षा और स्वागत के लिए रांची पुलिस पूरी तरह से तैयार है।

होली-शब ए बारात को लेकर भी किया गया ब्रीफ
मार्च महीने में ही होली और शब ए बारात भी है। ऐसे में होली और शब ए बारात को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तैयारी में है। जिले भर में अतिरिक्त सिर्फ होली और शब ए बारात के लिए 2000 पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। जी 20 बैठक को लेकर रांची जिला बल के अलावा, एटीएस, जगुआर, रैफ, रैप और होमगार्ड के जवानों को भी तैनाती होगी। इन जवानों की तैनाती एक मार्च के सुबह से हो जाएगी। जी 20 बैठक समाप्त होने के बाद अधिकारों को होली तक राजधानी में ही रहना होगा। ताकि शब-ए-बरात और होली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि माहौल बिगाड़ने वालों पर पुलिस का विशेष फोकस है माहौल बिगाड़ने वालों को चिह्नित कर पहले ही धारा 107 के तहत नोटिस भी भेजा जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिन इलाकों में पहले माहौल खराब करने की कोशिश हो चुकी है। वहां पहले से ही पुलिस उन जगहों पर निगरानी कर रही है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT