logo

JSCA में होने वाले वनडे मैच को लेकर रांची ट्रैफिक में बदलाव, जानें अपना रूट प्लान

TRAFFIC_POLICE.jpg

द फॉलोअप डेस्क
30 नवंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रांची के JSCA स्टेडियम में वनडे का पहला मुकाबला होना है। इसे लेकर लगभग पूरी तैयारियां की जा चुकी है। वहीं 30 नवंबर को भीड़ से बचने और बेहतर यातायात के लिए रांची पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह प्लान ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के आदेश पर जारी किया गया है। 
बता दें कि रांची ट्रैफिक एसपी कार्यालय ने भारत और साउथ अफ्रीका मैच के दौरान यातायात को सुगम बनाये रखने और बेहतर पार्किंग व्यवस्था के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि शहरवासियों को किसी तरह की परशानी न हो। इस दौरान 30 नवंबर की सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह वर्जित होगा। हालांकि इन भारी वाहनों का परिचालन रिंग रोड के रास्ते हो सकेगा। वहीं शालीमार चौक से स्टेडियम नॉर्थ गेट तक सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। लेकिन एंबुलेंस, चिकित्सा और अन्य आपातकालीन वाहनों को छूट दी गई है।
इन जगहों पर होगा प्रतिबंध 
सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मैकॉन चौक, एजी मोड़, पीएस मोड़, आइलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक के बीच सभी प्रकार के मालवाहक वाहन, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों का प्रवेश सुबह 6 बजे से मैच समाप्ति तक पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
यहां अपने वाहनों को कर सकेंगे पार्क
वहीं सामान्य वाहनों के लिए कई जगहों पर वैकल्पिक पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जिनमें सखुआ बागान, महाराणा प्रताप सिंह स्कूल मैदान, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, जवाहर लाल स्टेडियम, मियां मार्केट तीन मुहाना, संत थॉमस स्कूल, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलीपैड मैदान शामिल हैं। 
साथ ही सांबो कैंप मोड़ और धुर्वा बस स्टैंड से आने वाले लोग सखुआ मैदान या महाराणा प्रताप मैदान में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे, जबकि शहीद मैदान, नया सराय रिंग रोड और सीआईएसएफ कैंप से आने वाले लोग पार्किंग के लिए हेलीपैड मैदान का उपयोग करेंगे। वीआईपी-वीवीआईपी वाहन शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए नॉर्थ गेट से प्रवेश कर सकेंगे, जबकि मीडिया वाहन को धुर्वा गोलचक्कर या बस स्टैंड से दक्षिण गेट का रास्ता अपनाना होगा।
 

Tags - jharkhand news cricket news JSCA news india vs south africa match one-day series ranchi news ranchi traffic ranchi traffic update ranchi traffic news