logo

रांची को 2 फ्लाईओवर की सौगात जल्द, सितंबर में शुरू हो सकता है कांटाटोली-बहुबाजार में निर्माण 

BRIDGE.jpg

रांची
राजधानी को जल्द ही दो बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर की सौगात मिलने जा रही है। इसे लेकर फ्लाईओवर निर्माण कार्य तेज गति से पूरा करने का निर्देश दिया गया है। शुक्रवार को राज्य सरकार के नगर विकास तथा आवास तथा पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने रांची में निर्माणाधीन कांटाटोली-बहुबाजार तथा मेकॉन-सिरमटोली फ्लाईओवर का निरीक्षण किया और कई आवश्यक निर्देश दिए। 
निरीक्षण के दौरान प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जुडको की ओर से निर्माणाधीन कांटाटोली-बहूबाजार फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 15 सितंबर तक पूरा करने को कहा। उन्होंने वहां मौजूद निर्माण कंपनी और जुड़को के संबंधित पदाधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि इस निर्धारित समय तक काम पूरा नही हुआ तो वो एक दिन का भी समय विस्तार नहीं देंगे और निर्माण कंपनी पर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वो अधिक मशीनरीज और मैनपावर लगाकर समय पर काम पूरा करें।


प्रधान सचिव ने पथ निर्माण विभाग की ओर से निर्माणाधीन मेकॉन-सिरमटोली फ्लाई ओवर निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और पथ निर्माण विभाग तथा एलएंडटी के अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह फ्लाई ओवर रांची के लिए काफी महत्वपूर्ण है और इसके निर्माण के बाद रेलवे पर बने मेन रोड और कडरु ब्रिज पर दबाव कम होगा तथा शहर का एक बड़ा इलाका ट्रैफिक जाम से मुक्त होगा।

उन्होंने पदाधिकारियों से कार्य तेज करनें का निर्देश देते हुए कहा कि अगर रेलवे और पेयजल स्वच्छता तथा अन्य विभागों के साथ समन्वय में कोई परेशानी हो तो उसकी जानकारी हमें दें, हम तुरन्त समाधान करेंगे पर काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। निरीक्षण के दौरान जुडको लि. की ओर से पीडीटी गोपाल, जीएम विनय कुमार, प्रत्युष कुमार, स्मार्ट सिटी के पीआरओ अमित कुमार, प्रधान सचिव के ओएसडी विजय कुमार, प्रबंधक, वहीं पथ निर्माण विभाग के वरीय पदाधिकारीगण,एलएंडटी,दिनेश चंद्र अग्रवाल इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड के पदाधिकारी मौजूद थे।

Tags - FlyoverflyoversJharkhand News