नंदलाल तुरी
पाकुड़ समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में उत्पाद विभाग की समीक्षात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले में उत्पाद विभाग की कार्यप्रणाली, राजस्व प्राप्ति और कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उत्पाद अधीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि अप्रैल 2025 से अक्टूबर 2025 तक निर्धारित राजस्व लक्ष्य की तुलना में 105.71 प्रतिशत की प्राप्ति हुई है। इसके साथ ही अप्रैल 2025 से 28 नवम्बर 2025 तक कुल 65 अभियोग दर्ज किए गए हैं।
उपायुक्त ने जिले में संचालित सभी बार एवं रेस्तरां का नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी खुदरा उत्पाद दुकानों का सतत निरीक्षण सुनिश्चित करने और शराब की बिक्री केवल निर्धारित एमआरपी पर ही करने हेतु कड़े कदम उठाने के आदेश दिए। दुकानों में सुरक्षा और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों को हमेशा कार्यशील बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया।
नए वर्ष के आगमन को देखते हुए उपायुक्त ने अवैध मदिरा के व्यापार एवं निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने हेतु जिले में सघन छापामारी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्पाद विभाग के माध्यम से राजस्व संग्रह और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और अवैध मदिरा के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
