logo

पूर्वी सिंहभूम में 'सेवा का अधिकार सप्ताह' शुरू, DC ने 10 जागरूकता वाहन किया रवाना; 28 नवंबर तक लगेंगे शिविर

purvi.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिला में 'आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम के प्रथम चरण के तहत 21 से 28 नवंबर तक ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में डीसी कर्ण सत्यार्थी ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से 10 जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन पूरे जिले में भ्रमण कर नागरिकों को झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 के प्रावधानों, उपलब्ध सेवाओं तथा उनके लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करेंगे।

मौके पर डीसी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष कार्यक्रम का थीम 'झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011' रखा गया है। पंचायत स्तरीय शिविरों के माध्यन से यह सुनिश्चित किया जायेगा कि अधिनियम के अंतर्गत चिन्हित सभी सेवाओं से जुड़े प्राप्त आवेदनों का समय पर निष्पादन हो तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को उसका सही लाभ मिले।

इस कार्यक्रम के तहत जिले की सभी पंचायतों में कम से कम एक शिविर का आयोजन किया जाना है। इसी कड़ी में आज पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत 11 पंचायत एवं 3 नगरीय निकाय क्षेत्र में 'सेवा का अधिकार सप्ताह' के शिविर अयोजित किये गये। जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के शिविर में शामिल होकर लाभुकों को सरकार की योजनाओं/सेवाओं का लाभ लेने के लिए जानकारी देते हुए प्रेरित किया।

पोटका प्रखंड के पोटका पंचायत में आयोजित शिविर में विधायक संजीव सरदार के द्वारा लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जानकारी प्रदान की। साथ ही विधायक संजीव सरदारने बागबेड़ा कॉलोनी में आयोजित शिविर में भी भाग लिया। उन्होंने लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं से जुड़े स्वीकृति पत्र का वितरण किया।

वहीं, चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत बडामारा में विधायक समीर मोहंती ने दीप प्रज्ज्वलित कर पंचायत स्तरीय शिविर का शुभारंभ किया। मौके पर एसडीएम सुनील चंद्र, प्रमुख धनंजय करूणामय, बीडीओ, सीओ, मुखिया व अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जबकि, जमशेदपुर सदर प्रखंड के बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत मंडप में आयोजित शिविर में जिले के उप विकास आयुक्त शामिल हुए।

बता दें कि डीसी कर्ण सत्यार्थी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविरों में आने वाले आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों, सेवाओं की समय-सीमा तथा शिकायत निवारण तंत्र के बारे में जागरूक करना है, ताकि प्रत्येक नागरिक बिना किसी बाधा के सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सके।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिकता से स्वीकार किये जाने वाले प्रमुख सेवा प्रक्षेत्र (सर्विस फोकस एरिया) में जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल–खारिज मामलों का निष्पादन, भूमि की मापी (Measurement of Land), भूमि धारण प्रमाण पत्र शामिल है। डीसी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने निकटवर्ती शिविरों में अवश्य पहुंचे और निर्धारित सेवाओं का लाभ समयबद्ध रूप से प्राप्त करें।
 

Tags - jharkhand news jharkhand kahbar jharkhand update east singhbhum sewa ka adhikar east singhbhum news