रांची:
5 दिसंबर को राजद सुप्रीमो लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट होना है। इसकी प्रकिया 3 दिसंबर से शुरू हो गई है। उनके स्वास्थ्य को लेकर आज झारखंड राजद के कार्यकर्ताओं ने मां दुर्गा के मंदिर में लालू यादव की तस्वीर सामने रख भोलेनाथ का रुद्राभिषेक एवं हवन किया गया। साथ ही महामृत्युंजय जाप कर उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना की। बता दें कि लालू यादव को किडनी उनकी बेटी रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) देंगी। दोनों की जांच की प्रकिया पूरी हो गई है। साथ ही पूरा परिवार सिंगापुर पहुंच गया है।

ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक होने की भगवान से की कामना
झारखंड राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष गरीबों,दलितों और अल्पसंख्यकों के मसीहा है। उनकी तबीयत पिछले कई दिनों से ठीक नहीं है। वो कई बीमारी से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कल लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट होना है इसके लिए हम मां दुर्गा, भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना कर रहे है कि उनका यह ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक हो। लालू यादव जल्द से जल्द हमारे बीच आए।
लालू यादव के बिना हमारी लड़ाई अधूरी
झारखंड राजद की प्रवक्ता अनीता यादव ने कहा कि आज हमारे मसीहा अस्वस्थ है। इस लिए सारे कार्यकर्ता काफी चिंतत है। आज हमने यह पूजा उनके किडनी ट्रांसप्लांट की सफलता के लिए किया है। हम यही कामना करते है कि वो जल्द से जल्द ठीक हों। पहले की तरह राजनीति में सक्रिय हो क्योकि उनके बिना हमारी लड़ाई अधूरी है। उनके लिए हर कोई भगवान से प्रार्थना कर रहा है फिर चाहें वह पिछड़ी जाति के लोग हो, दलित हो, अल्पसंख्यक हो, शोषित है। उन्होंने कहा कि अभी के समय में जब देश में संप्रदायिक ताकत जो देश को बेचने और तोड़ने में लगे है ऐसे समय में लालू यादव की उपस्थिति अनिवार्य है। लालू यादव कभी भी नहीं झूके। उन्होंने डट कर संप्रदायिक ताकतों से युद्ध किया है।

पूरा परिवार एक साथ
लालू प्रसाद के बेटे और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव और वन पर्यावरण एवं जलवायु मंत्री और लालू के बड़े लाल तेज प्रताप यादव भी सिंगापुर पहुंच गए हैं। उनके साथ राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव भी गए हैं। वहीं,पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बड़ी बेटी मीसा भारती पहले दिन से लालू यादव के साथ हैं। जबकि उनकी बेटी रोहिणी आचार्य वहीं सिंगापुर में ही अपने परिवार के साथ रहती हैं। रोहिनी आचार्य ट्वीटर पर काफी एक्टिव रहती है। वो राजनीति को लेकर भी लगातार ट्वीट करती है। रोहिणी अपने पिता को किडनी दे रही है और साथ ही इन दिनों अपने पिता के सेहत को लेकर भी लोगों को जानकारी देती रहती है।