logo

खूंटी में जन से संपर्क साधने निकले अर्जुन मुंडा, कहा- मोदीजी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है

WhatsApp_Image_2024-04-10_at_6_00_13_PM.jpg

द फॉलोअप डेस्क

लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद से ही नेता लगातार प्रचार-प्रसार में लगे हैं। खूंटी लोकसभा सीट से अर्जुन मुंडा एनडीए के प्रत्याशी हैं। वे खूंटी संसदीय सीट पर लगातार जनता के बीच जा रहे हैं। लोगों से मिल रहे हैं। आज अर्जुन मुंडा ने तमाड़ और बुंडू के इलाके में जनसंपर्क अभियान चलाया और ग्रामीणों से संवाद किया। अर्जुन मुंडा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। हमें तीसरी बार फिर से उनको प्रधानमंत्री बनाना है। आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। यह सब एक मजबूत नेतृत्व के कारण ही संभव हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि बीते दस वर्षों में हमारी सरकार ने हर वर्ग का ख्याल रखने का काम किया है।

मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है- अर्जुन मुंडा

अर्जुन मुंडा ने कहा कि वर्षों से जिस आदिवासी समाज की उपेक्षा की गयी, उस समाज को सम्मान दिलाने का काम मोदी सरकार ने किया है। आज देश की सबसे बड़े संवैधानिक पद पर एक आदिवासी महिला बैठी हैं, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है। हालांकि, राष्ट्रपति चुनाव के समय भी कुछ लोगों ने इनका समर्थन नहीं किया था। वैसे लोगों को जनता जरुर जवाब देगी।

आदिवासी समाज ने देश की आज़ादी में अहम भूमिका निभाई थी। जंगलों में रहकर आदिवासी समाज ने अंग्रेजों से लोहा लेने का काम किया था जिन्हें इतिहास के पन्नों में वो जगह नहीं मिली, जिसके वो हक़दार थे। आदिवासी समाज के स्वाभिमान के लिए, उनके योगदान के लिए खूंटी के माटी के वीर ' धरती आबा' बिरसा मुंडा के जन्मदिवस के अवसर पर आज पूरा देश ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मना रहा है। यह हम सभी खूंटी वासियों के लिए गौरव की बात है।

ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि आज 500 सालों के लंबे प्रतीक्षा के बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ है, यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत इरादों के कारण ही संभव हो पाया है। वहीं, गांव मंदिर के रूप में विकसित हो यही विकास की हमारी अवधारणा है । भारतीय जनता पार्टी जनता की समस्याओं को समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है क्योंकि हमारी पार्टी राष्ट्र निर्माण में विश्वास करती है।

Tags - arjun munda bjp candidate loksabha election jharkhand political news