द फॉलोअप डेस्क
रेल सुरक्षा बल (RPF) धनबाद की टीम ने रविवार 13 जुलाई की रात धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके बाद से 24 बोतल रॉयल चैलेंज व्हिस्की और 23 बोतल एमसी डॉवेल्स व्हिस्की बरामद की गई है। आरोपी की पहचान झरिया कतरास मोड़ निवासी अजय कुमार शर्मा (23 वर्ष) के रूप में की गई है। गिरफ्तारी ऑपरेशन सतर्क के तहत की गई RPF की टीम द्वारा की गई।
बता दें कि रविवार रात आरोपी अजय कुमार शर्मा प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर ट्रॉली बैग के साथ ट्रेन का इंतजार कर रहा था। टीम को उस पर संदेह हुआ। जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 24 बोतल रॉयल चैलेंज व्हिस्की और 23 बोतल एमसी डॉवेल्स व्हिस्की बरामद हुईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 17.625 लीटर है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 16,700 रुपये बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान अजय ने स्वीकार किया कि वह झारखंड से शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था। वह शराब की तस्करी के धंधे से जुड़ा हुआ था और इसी मकसद से स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आया था।
गिरफ्तारी के बाद उपनिरीक्षक पालिक मिंज, सहायक उपनिरीक्षक जीवलाल राम, प्रधान आरक्षी फूलचंद महतो, तथा आरक्षी विवेक कुमार, संजीव कुमार और प्रमोद कुमार की टीम ने आरोपी को जब्त शराब के साथ उत्पाद विभाग को सौंप दिया। उत्पाद विभाग की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई और जांच जारी है।
