logo

सावधान : हॉस्पिटल में अपॉइंटमेंट के नाम पर महिला के खाते से 1 लाख उड़ा ले गए साइबर अपराधी

cyber_fraud8.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिला में लोकल स्तर पर ही साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगी का शिकार बनाना शुरू कर दिया हैं। हाल के दिनों में ऐसे मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अभी मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत साई होटल के संचालक से ठगी का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि वहीं की एक महिला फिर साइबर अपराधियों के झांसे में आकर ठगी के शिकार हो गई है। महिला से इलाज के चक्कर में ऑनलाइन अपोलो हॉस्पिटल में अपॉइंटमेंट के नाम पर उनके खाते से 1 लाख उड़ा लिए गए। पीड़िता ने मामले को लेकर जामताड़ा साइबर क्राइम थाना में शिकायत की है।


फॉर्म पर डिटेल्स भरने को कहा
पीड़िता ने बताया कि 17 अप्रैल को अपोलो अस्पताल के अपॉइंटमेंट के लिए उसने संपर्क किया था। इसी बीच कॉल कट हो गया। कॉल काटने के ठीक बाद एक नए नंबर से उनके मोबाइल पर कॉल आया और उनसे जानकारी साझा करने के लिए एक लिंक भेजा गया। उन्हें बुकिंग के लिए 5 रुपए का भुगतान करने की बात कही गई। महिला ने लिंक के माध्यम से भेजे गए फॉर्म पर डिटेल्स भरकर ₹5 जमा कर दिया। पैसे जमा करने की ठीक 24 घंटे बाद मैसेज आया कि उनके बैंक खाते से 99999 रुपए की अवैध निकासी हो गई है। उन्होंने तत्काल अपने सेंट्रल बैंक के शाखा से संपर्क कर खाता को ब्लॉक करवा दिया है।


लिखित रूप से शिकायत नहीं दी गई
घटना के बाद शनिवार को पीड़िता अपने परिजनों के साथ साइबर थाना पहुंची। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार पंजीकर से मिलकर घटना की जानकारी दी। इस संदर्भ में थाना प्रभारी ने उन्हें लिखित रूप से शिकायत करने और घटना से संबंधित जो भी डिटेल्स है उसे उपलब्ध कराने को कहा है। पीड़िता की ओर से अब तक थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT