द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर शहर में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जबकि पुलिस औपचारिक कार्रवाई तक सीमित दिख रही है। एक के बाद एक हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिये हैं। ताजा मामला सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर फेज-4 का है, जहां झारखंड कांग्रेस की प्रदेश महिला उपाध्यक्ष पुनीता चौधरी के घर से करीब 9 से 10 लाख रुपये की चोरी की वारदात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, पुनीता चौधरी पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती हैं और परिवार के सभी सदस्य उनके इलाज में व्यस्त थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर घर का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गये। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि चोरों ने बड़ी सावधानी से वारदात को अंजाम दिया, ताकि आसपास किसी को भनक न लगे।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस ने घर के आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने की प्रक्रिया शुरू की है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह सिदगोडा थाना क्षेत्र के विजया गार्डन में भी लगभग 15 लाख रुपये की चोरी हुई थी। उस मामले का खुलासा अब तक नहीं हो सका है। वहीं, लगातार हो रही चोरियों ने जमशेदपुर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में रात्रि गश्त कमजोर पड़ गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।