पूर्वी सिंहभूम
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में मधुमक्खियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में आदिम सबर जनजाति के व्यक्ति की मौत का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मृतक का नाम सुखदेव सबर था। मधुमक्खियों ने सुखदेव पर उस समय हमला किया जब वह अपने खेतों में काम कर रहा था। पूरी घटना पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थानाक्षेत्र अंतर्गत बोरडीह गांव के बामनी टोला की है। मधुमक्खियों के हमले में सुखदेव सबर की मौत से पूरा गांव सदमे में है। लोगों में मधुमक्खी के हमले की दहशत में महसूस की जा सकती है।
खेत में काम करने के दौरान किया हमला
मृतक सुखदेव सबर की पत्नी जोबा सबर ने बताया कि उसका पति गांव के ही लखीराम टुडू के माकट बांध स्थित खेत में सोमवार को काम कर रहा था तभी पास ही महुआ पेड़ पर छत्ता बनाकर रह रहीं मधुमक्खियों ने सुखदेव पर हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के डंक से सुखदेव बेहोश होकर खेत में ही गिर पड़ा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोग अचेत अवस्था में ही सुखदेव को उठाकर ऊसी कुंदरूकोचा स्थित स्कूल में ले आए। दर्द से कराहता सुखदेव पूरी रात स्कूल के बरामदे में ही पड़ा रहा। सुबह जब परिवार वालों को जानकारी हुई तो उसे सीएचसी ले गए।
इलाज के दौरान सुखदेव सबर की हुई मौत
पटमदा स्थित सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उसे स्लाइन भी चढ़ाया गया लेकिन इलाज के दौरान सुखदेव सबर की मौत हो गई। परिवार वालों का कहना है कि यदि वक्त पर सुखदेव को सही इलाज मिल जाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। सुखदेव अपने पीछे पत्नी और 4 बच्चों को छोड़ गया है।