logo

रांची : कोरोना की आहट के बीच सरकार सतर्क, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट और सदर अस्पताल में शुरू हुई सैंपल टेस्टिंग 

corona_testing.jpg

रांची:
कोरोना की आहट के बीच राज्य सरकार पूरी तरह से सतर्क हो गई है। सरकार ने राज्य के सभी एंट्री प्वाइंट पर सैंपल टेस्टिंग की व्यवस्था आज से शुरू कर कर दी है। इस लिस्ट में सबसे ऊपर बिरसा मुंडा हवाई अड्डे का नाम है। इसके साथ ही सदर अस्पताल रांची का भी नाम शामिल है। कोविड कॉर्डिनेशन सेंटर के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के बाद इन दोनों जगहों पर अबतक 100 से अधिक लोगों की जांच हो चुकी है। इसे लेकर जिलों के उपायुक्त की ओर से निर्देश के बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।


रांची में इन जगहों पर होगी जांच
सोमवार यानी आज से शहर में एक्शन मोड में टेस्टिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए रांची शहर के अलावा जिले के एंट्री प्वाइंट में टेस्ट किए जाएंगे। रांची जिले के एंट्री प्वाइंट की बात करें तो सिल्ली, बेड़ो और ओरमांझी में आज से जांच शुरू हो गई है। जबकि शहर के भीतर रांची रेलवे स्टेशन में , हटिया स्टेशन, खादगढ़ा बस स्टैंड में जांच के लिए टेस्टिंग सेंटर बनाया गया हैं। रांची रेलवे स्टेशन और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर 24 घंटे जांच होगी। इन सभी सेंटर्स पर रैपिड एंटीजन टेस्ट (RAT) किया जाएगा।


कल होगा मॉक ड्रिल
कोरोना के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आज झारखंड में उच्चस्तरीय बैठक होगी। इस बैठक में कोरोना के संभावित खतरे पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही इससे निपटने के लिए भी राज्य सरकार रणनीति बनाएगी। इसके साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशानुसार राज्यभर में सभी अस्पतालों में 27 दिसंबर यानि कल को डेमो किया जाएगा। जिसमें राज्य का स्वास्थ्य विभाग कोरोना की संभावित खतरे को लेकर कितना तैयार है इसकी जांच होगी।