logo

Saraikela News : आदित्यपुर में ब्राउन शुगर मामले में लंबे समय से फरार दो आरोपी गिरफ्तार

आदित्यपुर में ब्राउन शुगर मामले में लंबे समय से फरार दो आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां:
Saraikela-Kharsawan: जिले के आदित्यपुर (Aditypur) में ब्राउन शुगर (Brown sugar) के अवैध कारोबार के खिलाफ आदित्यपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार (Arrest) किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाजिया परवीन (Nazia Parveen) और विपुल कर्मकार (Vipul Karmakar) उर्फ विपुल लोहार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

डेढ़ साल से फरार थी नाजिया परवीन
पुलिस के अनुसार, आदित्यपुर थाना कांड संख्या 97/25 में नाजिया परवीन लंबे समय से फरार चल रही थी। वर्ष 2025 में ब्राउन शुगर के साथ कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान नाजिया का नाम मामले में सामने आया था। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान वह ब्राउन शुगर फेंककर मौके से फरार हो गई थी। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह मुंबई, दिल्ली, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलती रही। हाल के दिनों में पुलिस को उसके जीवनपुर, कोलाबिरा क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाजिया परवीन को गिरफ्तार कर लिया।

बिलासपुर से लौटते ही विपुल गिरफ्तार
इधर, आदित्यपुर थाना कांड संख्या 209/2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले के प्राथमिकी अभियुक्त विपुल कर्मकार की भी गिरफ्तारी की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए वह छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रह रहा था। उसके आदित्यपुर लौटने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने राममड़ैया बस्ती में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

विपुल पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, विपुल कर्मकार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ लूट, छिनतई, आर्म्स एक्ट और ब्राउन शुगर से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं। इन मामलों में वह आदित्यपुर, कदमा और बिष्टुपुर थाना से जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि हाल में उसका भाई सिपुल कर्मकार भी छिनतई के एक मामले में जेल गया है।

नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को आदित्यपुर पुलिस की नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Tags - Adityapur News Seraikela Crime News Jamshedpur Crime News Adityapur Brown Sugar Case Nazia Parveen Arrested