logo

झारखंड : विधानसभा शीतकालीन सत्र का दूसरा दिन आज, सरकार पेश करेगी अनुपूरक बजट

jharkhand_vidhansabha2.jpg

रांची:
झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र (winter session of jharkhand assembly) का आज दूसरा दिन है। आज वित्तीय वर्ष 2022-23 के द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी सरकार की ओर से सदन में पेश की जाएगी। इसके साथ ही आज प्रश्नकाल भी होगा। आज भी सदन में हंगामे के पूरे आसार है। बता दें कि सदन के पहले दिन की कार्यवाही हंगामे के साथ शुरू हुई। विपक्ष ने रबिता पहाड़िया हत्याकांड मामले पर सरकार को जमकर घेरा। झारखंड के इस्लामीकरण बंद करो, रबिता पहाड़िया के हत्यारे दिलदार अंसारी को फांसी दो, कोयला चोरी बंद करो के नारे सदन में गूंजे।


 सदन में सीएम ने विपक्ष को दी नसीहत
सत्र के पहले दिन विपक्षी विधायक लगातार सदन में हंगामा कर रहे थे। इसी के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा कि लाश पर राजनीति करना ठीक नहीं है। यह बंद करें। दरअसल भाजपा के विधायक रबीका पहाड़न हत्या मामले को लेकर वेल में रहकर नारेबाजी कर रहे थे। शोक प्रस्ताव के दौरान भाजपा विधायक बिरंचि नारायण ने इसी मुद्दे पर अपनी बात रखी।

आज राज्यपाल से मिलेंगे विधायक

1932 के खतियान के आधार पर झारखंडियों की पहचान और राज्य में ओबीसी सहित अन्य वर्गों की आरक्षण सीमा को बढ़ाने संबंधित मुद्दे पर विधायक राज्यपाल रमेश बैस से आज मुलाकात करेंगे़। करीब 20 विधायक दिन के 3 बजे राज्यपाल से मिलेंगे। इधर, मुख्यमंत्री ने सभी दलों को पत्र लिख कर अपना प्रतिनिधि भेजने का आग्रह किया है। सत्ता पक्ष के विधायक राज्यपाल से मिल कर खतियान और आरक्षण का बिल केंद्र सरकार को जल्द से जल्द भेजने का आग्रह करेंगे।