रांची
झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले में दूसरे चरण का भुगतान भी पूरा कर लिया गया है। इस चरण में ईटकी प्रखंड और बड़गाईं अंचल की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि एकमुश्त भेजी गई है।
ईटकी प्रखंड की 10,327 और बड़गाईं अंचल की 10,204 महिलाओं सहित कुल 20,531 लाभुकों को प्रति लाभुक ₹7,500 की दर से लाभ दिया गया। इसके लिए कुल ₹15 करोड़ 39 लाख 82 हजार 500 की राशि आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी गई।

पहले चरण में 3.66 लाख से अधिक महिलाओं को मिली सम्मान राशि
इससे पहले पहले चरण में रांची जिले के 3,66,664 लाभुकों को भी अप्रैल से जून 2026 की तीन माह की सम्मान राशि का भुगतान किया जा चुका है। उस दौरान ₹274 करोड़ 99 लाख 80 हजार की राशि सीधे लाभुकों के खातों में हस्तांतरित की गई थी। जिला प्रशासन का कहना है कि योजना के तहत पात्र महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए चरणबद्ध तरीके से भुगतान की प्रक्रिया जारी है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी योग्य लाभुकों तक योजना का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचे।