logo

रामगढ़ उपचुनाव : वोटिंग कराने के लिए पोलिंग टीम रवाना, काफी संख्या में महिलाकर्मी हैं शामिल

polling.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव को लेकर कल (27 फरवरी) मतदान होना है। रविवार को रामगढ़ कॉलेज परिसर से सेक्टर अधिकारी और पोलिंग पार्टी को रवाना किया गया। मौके पर मौजूद डीसी माधवी मिश्रा ने मतदान कार्य में लगे 2025 कर्मचारियों को शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त चुनाव संपन्न कराने की बात कही। डीसी ने सभी कर्मचारियों को शुभकामना देते हुए रवाना किया।


अधिकारियों ने डिस्पैच सेंटर का जायजा लिया
डीसी ने बताया कि रामगढ़ विधानसभा में कुल 335734 मतदाता हैं, जिनमें 173550 पुरुष एवं 162184 महिला मतदाता हैं। डीसी माधवी मिश्रा, एसपी पीयूष पांडे सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने डिस्पैच सेंटर पर उपस्थित रहकर कार्यों का जायजा लिया। डीसी ने मतदान कर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सामग्रियों व अन्य कार्यों का जायजा लेने के क्रम में सभी सेक्टर दण्डाधिकारियों एवं मतदान पदाधिकारियों को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए शुभकामनाएं दी।
निर्धारित समय पर मतदान शुरू कर देने का निर्देश
डीसी ने सभी सेक्टर दंडाधिकारी व मतदान पदाधिकारियों को मतदान के दिन समय का विशेष रूप से ध्यान रखने एवं निर्धारित समय पर मतदान शुरू कर देने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान बताई गई बातों को ध्यान में रखते हुए कार्य करने का निर्देश दिया।


सुबह 7 बजे से होगी वोटिंग
27 फरवरी को प्रातः 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होना है। कुल 233 भवनों में 405 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें रामगढ़ प्रखंड में 118, दुलमी प्रखंड में 64, चितरपुर प्रखंड में 70 एवं गोला प्रखंड में 153 मतदान केंद्र बनाए गए है। कुल 55 सेक्टर एवं 10 क्लस्टर बनाए गए हैं। मतदान कर्मियों एवं मतदान सामग्री को सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT