द फॉलोअप डेस्क
होली एवं शब-ए-बरात पर सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी। इसके लिए 49 मजिस्ट्रेट के साथ 2000 से अधिक अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी प्रतिनियुक्तियां दिनांक 07 मार्च 2023 से दिनांक 08 मार्च 2023 होली के शांति पूर्ण समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। इसको लेकर डीसी व एसएसपी की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर दिया गया है। दिनांक 07.03.2023 की रात्रि में शब-ए-बारात पर्व मुस्लिम समुदायों के द्वारा मनाया जाएगा। इस पर्व में रात्रि के वक्त कब्रिस्तानों में नियाज फातिहा किया जाता है। होली पर्व और शब-ए- बरात पर्व को देखते हुए विशेष सतर्कता की आवश्यकता है। वहीं, 08.03.2023 को होली पर्व के अवसर पर हुड़दंगियों, आपसी झगड़ों तथा नशापान कर गाड़ी आदि चलाने वालों पर कड़ी निगरानी संबंधित थाना प्रभारी व यातायात पुलिस रखेगी। खासकर महिलाओं के साथ उक्त अवसर पर अभद्रता की घटना न हो इसका विशेष ध्यान रखने व ऐसे लोगों के विरूद्ध नियमानुसार विधि सम्मत कार्रवाई का निर्देश डीसी-एसएसपी ने दिया है।

शहरी क्षेत्र में 99 स्थान पर हुई स्टैटिक प्रतिनियुक्त
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रांची शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों व संवेदनशील इलाकों में स्टैटिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। मतलब जब तक शांतिपूर्ण रूप से त्योहार संपन्न न हो जाए तब तक सभी पुलिस बल को प्रतिनियुक्त स्थान पर ही रहने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत शहरी क्षेत्र के 99 स्थानों पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में भी स्टैटिक प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके तहत 91 स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगी। यहां 1100 से अधिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई। वहीं, शहरी क्षेत्र के 19 और ग्रामीण क्षेत्र के 26 थानों में अलग से गश्ती दल की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिसमें 400 से अधिक पुलिस बल की तैनाती हुई है।

सोशल मीडिया पर रखी जाएगी विशेष नजर
सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से अक्सर अनावश्यक अफवाह फ़ैलाने एवं माहौल बिगाड़ने वाले सांप्रदायिक तत्वों पर भी कड़ी निगरानी रखे जाने का निर्देश दिया गया है। धर्म विरोधी गतिविधियों सांप्रदायिक भावना भड़काने वाले गाने, सोशल मीडिया द्वारा शेयर किए जाने वाले संवाद, गीत इत्यादि पर कड़ी नजर रखना सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही उक्त आलोक में आवांछित तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक साइबर सेल को सोशल मीडिया पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

8 मार्च को बंद रहेगी शराब दुकानें
डीसी की ओर से होली पर्व को देखते हुए सहायक आयुक्त उत्पाद रांची को जिला अंतर्गत सभी शराब दुकानों को दिनांक- 08.03.2023 बंद रखने का निर्देश दिया गया है। उक्त अवधि में शराब बेचने वालों के विरुद्ध गहन छापेमारी पर रोक लगाने की सभी प्रभावी कार्रवाई अपने स्तर से करने का निदेश दिया गया है। वहीं, अग्निशमन पदाधिकारी, रांची को एक-एक अग्निशमन दस्ता संबंधित पदाधिकारियों के साथ दिनांक- 07.03. 2023 के पूर्वाह्न से पिस्का मोड़, बुटी मोड़, धुर्वा बस स्टैंड सहित मुख्य चौक-चौराहों एवं जहां होलिका दहन का आयोजन हो वहा अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने कहा गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT