logo

दिल्ली : केएन त्रिपाठी ने भरा नामांकन, बोले- पार्टी नेताओं के फैसले का सम्मान करूंगा

a4414.jpg

दिल्ली: 

झारखंड सरकार में मंत्री रहे और डाल्टनगंज के पूर्व विधायक केएन त्रिपाठी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। गुरुवार को ही ये सूचना मिली थी कि झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केएन त्रिपाठी चुनाव लड़ेंगे। नामांकन दाखिल करने के पश्चात केएन त्रिपाठी ने कहा कि जो भी पार्टी नेताओं का फैसला होगा वे स्वीकार करेंगे। 

मैं क्यों नहीं लड़ सकता अध्यक्ष पद का चुनाव
नामांकन दाखिल करने के पश्चात मीडियाकर्मियों से मुखातिब केएन त्रिपाठी ने कहा कि मैं किसान परिवार से ताल्लुक रखता हूं। देश देख रहा है कि एक किसान परिवार के बेटे ने पहले भारतीय वायु सेना में सेवा दी। प्रदेश में मंत्री रहा और झारखंड विधानसभा में उपनेता रहा। जिसने अपने जीवन काल में अलग-अलग परिस्थितियों में देश की इस प्रकार सेवा की हो वो अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ सकता है। '

राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाना चाहती थी झारखंड कांग्रेस
केएन त्रिपाठी का चुनाव लड़ने का फैसला काफी अप्रत्याशित था क्योंकि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने ये प्रस्ताव पास करके भेज दिया था कि वे राहुल गांधी को ही अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। बीते दिनों प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा था कि सभी नेता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि राहुल गांधी ही कांग्रेस पार्टी की कमान संभालें।