logo

रांची में शिवराज सिंह चौहान बोले, झारखंड की 81 में से 52 विधानसभा सीटों पर आगे है BJP

a8112.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विज़नरी लीडर हैं। नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं। 1962 के बाद ये एतिहासिक सफलता मिली है। दुनिया चमत्कृत है। अभी प्रधानमंत्री अलग-अलग देशों में गए थे। चाहे रूस हो चाहे ऑस्ट्रिया हो हर जगह मोदी-मोदी और भारत-भारत की गूंज है। तीसरी बार सरकार बनाई तो कांग्रेस के लोग सवाल उठा रहे हैं, ऐसा लग रहा है जैसे 99 सीटें प्राप्त करके उन्होंने बड़ा तीर मार लिया हो। राहुल गांधी को चिंदी मिल गई तो बजाज बन रहे हैं। कांग्रेस की केवल 99 सीट आई हैं। वहीं बीजेपी को 243 और एनडीए के साथ 293 सीटें मिली हैं। जब लोकसभा में अध्यक्ष के चुनाव की बारी आई तो पूरा इंडिया गठबंधन, कांग्रेस और उनके साथी मैदान छोड़ कर भाग गए। शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि हम लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 14 में से 9 सीटों पर जीते हैं। विधानसभा की 81 में से 52 सीटों पर आगे हैं। 

विपक्ष को हार का आभास हो चुका है!
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें पता था कि बुरी तरह हारेंगे क्योंकि संसद में नरेंद्र मोदी को भारी बहुमत प्राप्त है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली, संपन्न और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है और पीएम मोदी नेतृत्व में ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। 

झारखंड बचाओ-भाजपा लाओ का नारा दिया
केन्द्रीय मंत्री ने झारखंड पहुंचकर खिजरी विधानसभा क्षेत्र के ध्रुवा मंडल अध्यक्ष उमेश यादव के घर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भोजन का आनंद लिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मंच पर बैठे नेता मंदिर के कलश हैं लेकिन, कलश जिस मंदिर के शिखर पर टिका है वो शिखर मंदिर की दीवारों पर टिका है और दीवार टिकी हैं नींव के पत्थरों पर। अगर नींव का पत्थर कमजोर हो तो कलश मंदिर पर टिका नहीं रह सकता है। नींव का पत्थर कोई है तो वो बीजेपी का कार्यकर्ता है। कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करता है, बूथ पर लड़ाई लड़ता है। इसलिए मैं अपने कार्यकर्ता बहनों-भाइयों का सम्मान करने और ये वचन देने आया हूं कि बीजेपी में कार्यकर्ता का मान, सम्मान और शान कभी कम नहीं होने देंगे। 

उन्होंने जीत का संकल्प दिलाते हुए कहा कि, हमें झारखंड को बचाना है, चाहे कुछ हो जाए झारखंड की इस पवित्र धरती से लुटेरों और बेईमानों की सरकार को हटाकर बीजेपी की सरकार लाना है।

Tags - Jharkhand NewsJharkhand ElectionShivraj Singh ChauhanBJPHemant Soren