सिमडेगा
सिमडेगा में बिजली और पेयजल संकट को लेकर भाजपा ने मंगलवार को समाहरणालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष दीपक पूरी और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुषमा मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं प्रदर्शन में शामिल हुईं। विरोध स्वरूप महिलाओं ने समाहरणालय गेट के सामने मटका फोड़ा और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “हेमंत सरकार होश में आओ” और “जनता को बिजली-पानी देना होगा” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
केंद्र की योजनाओं की अनदेखी का आरोप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। वहीं भाजपा प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह और प्रदेश सह प्रवक्ता अशोक बड़ाईक ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी। यह जो सरकार है, जो जल, जंगल, जमीन का नारा देती है, इस सरकार में जल उपलब्ध नहीं है। झारखंड के लोग प्यास से मर रहे हैं और झारखंड सरकार चैन की नींद में है। हमारे प्रदेश नेतृत्व द्वारा यह तय किया गया कि झारखंड सरकार को नींद से जगाने के लिए हम यहाँ एकत्रित हुए हैं। हम सरकार से बिजली, पानी, सड़क और छात्रों के लिए छात्रवृत्ति की माँग करते हैं।

आगामी चुनाव और आंदोलन की चेतावनी
नेताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ भी मोर्चा खोला। केंद सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'हर घर नल जल योजना' को झारखंड सरकार ने बंद कर दिया है क्योंकि वे नहीं चाहते कि केंद्र की कोई योजना यहाँ लागू हो। इस योजना के लिए लगभग 12 करोड़ रुपये आए थे, लेकिन उस राशि का क्या हुआ, सरकार बता नहीं रही है। आज स्मार्ट मीटर के ज़रिए लूट मची है। एक गरीब रेहड़ी-पटरी वाले के घर 20-25 हज़ार का बिल आ रहा है। अधिकारी जनता को यहाँ-वहाँ दौड़ाते हैं; कोई ठीक से बात नहीं करता। हम इस धरने से यह बताना चाहते हैं कि सरकार जाग जाए, वरना झारखंड में भी परिवर्तन होगा। 2029 में झारखंड में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ आएगी और हम जीत का जश्न मनाएंगे।