logo

गोड्डा : प्लास्टिक बोरे में भरकर टोटो से 3 किलो से अधिक गांजा ले जा रहे थे तस्कर, पुलिस ने किया गिरफ्तार 

godda_crime_ganja.jpg

द फॉलअप डेस्क

गोड्डा पुलिस ने हनवारा थाना क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 02 जुलाई 2025 को 3 किलो 50 ग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक, गोड्डा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि कुछ व्यक्ति एक टोटो से गांजा बेचने के लिए हनवारा थाना क्षेत्र के रामकोल रोड में आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा, श्री चंद्र शेखर आजाद के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इस दल में पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो, थाना प्रभारी हनवारा थाना राजन कुमार राम, सहायक अवर निरीक्षक बलजीत सिंह और रामप्रवेश यादव, तथा थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे।

गठित टीम ने तत्काल हनवारा-रामकोल रोड पर वाहन चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान, रामकोल से हनवारा की ओर आ रही एक लाल रंग की बिना नंबर वाली टोटो (जिस पर "मयूरी" लिखा था) को रुकने का इशारा किया गया। टोटो चालक ने गाड़ी को घुमाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन साथ के सशस्त्र बल के सहयोग से उसे सफलतापूर्वक रोक लिया गया। टोटो की तलाशी लेने पर उस पर "सोना लाला मुरी" लिखा एक प्लास्टिक का बोरा पाया गया। बोरे की तलाशी के दौरान उसमें से 03 किलो 50 ग्राम गांजा बरामद हुआ। टोटो में सवार तीनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से तीन मोबाइल फोन भी मिले।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांजा, तीन मोबाइल फोन और बिना नंबर के टोटो को जब्त कर लिया। टोटो में सवार तीनों व्यक्तियों को भी विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार (उम्र करीब 21 वर्ष, पिता: राजेंद्र मंडल), बालमिकी कुमार (उम्र करीब 24 वर्ष, पिता: फुलेश्वर मंडल), और विपीन कुमार (उम्र करीब 25 वर्ष, पिता: फुचो मंडल) के रूप में हुई है। ये तीनों बोडवा, थाना खगड़ा (परबता), जिला भागलपुर (बिहार) के निवासी हैं। इस सफल अभियान से गोड्डा पुलिस ने नशीले पदार्थों के व्यापार पर प्रभावी लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।


 

Tags - latest jharkhand News jharkhand Updates latest jharkhand News Godda police latest Godda Police News Godda Police news Illegal ganja in godda Latest jharkhand updates latest updates latest Jharkhand News Godda News Godda latest news