चंदनकियारी/बोकारो:
चंदनकियारी प्रखंड के अमलाबाद गांव निवासी और BCCL के कतरास क्षेत्र संख्या-4 में कार्यरत विनोद बाउरी का इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस कठिन परिस्थिति में परिवार को आर्थिक संबल देने और भविष्य सुरक्षित करने की दिशा में पहल की गई। इसके तहत दिवंगत कर्मी के पुत्र संतोष बाउरी को प्रोविजनल नियोजन पत्र सौंपा गया।

सांसद और पूर्व विधायक ने की थी पहल
मिली जानकारी के अनुसार, विनोद बाउरी के निधन की सूचना मिलने के बाद धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो और झारखंड के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने उनके परिवार को नियोजन का लाभ दिलाने के लिए पहल की। दोनों नेताओं ने बीसीसीएल के सीएमडी, निदेशक तकनीकी (DT) और संबंधित महाप्रबंधक (GM) से वार्ता कर दिवंगत कर्मी के पुत्र को नियोजन देने का आग्रह किया। उनके प्रयासों के बाद संतोष बाउरी को प्रोविजनल नियोजन पत्र सौंपा गया।

दिवंगत कर्मी के बेटे को सौंपा नियुक्ति पत्र
नियोजन पत्र सौंपे जाने के दौरान सांसद ढुल्लू महतो के बड़े भाई एवं एटक यूनियन के क्षेत्रीय सचिव लक्ष्मण महतो मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता बबलू पाठक, बिजुलिया मंडल अध्यक्ष बबलू चौबे, मंडल उपाध्यक्ष श्याम पैतंडी, सांसद प्रतिनिधि अरविंद दुबे, ब्रांच सचिव वाल्मीकि यादव, कुलदीप गोस्वामी, अब्दुल साजिद और प्यारेलाल पासवान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।