द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह शुक्रवार को साहिबगंज कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। कॉलेज के विज्ञान भवन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कॉलेज के गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों का अभिनंदन भी किया गया। छात्रों के जिज्ञासाओं का सीधा जवाब देते हुए एसपी अमित कुमार सिंह ने छात्रों को मोटिवेट करते हुए कहा कि सफलता के लिए मेहनत की कोई सीमा नहीं होती। जब तक छात्रों के मन में खुद कुछ बनने की इच्छा अंदर से जागृत नहीं होगी, तब तक उसे सफलता नहीं मिल सकती है। किसी के सपने को साकार करने के लिए पढ़ाई और अपने सपनों को साकार करने के लिए पढ़ाई में बहुत अंतर है। बहुत सारे बच्चे होते हैं जो अपने मां-बाप की इच्छा को पूरा करने के लिए पढ़ते हैं। उन्हें सफलता मिलना मुश्किल है, लेकिन अगर खुद में यह जज्बा हो कि हमें शिखर पर पहुंचना है, तो वह रात-दिन मेहनत करके शिखर तक पहुंच सकते हैं।
संवाद के दौरान अधिकतर प्रश्न एसपी साहब से उनकी खुद की सफलता को लेकर पूछे गए, जैसे कि उन्होंने अपनी सफलता तक की दूरी कैसे तय की। वह कौन सा तरीका है, जिसे छात्र अपनाकर यूपीएससी जैसी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं, या बड़ी से बड़ी परीक्षा क्रैक कर सकते हैं। इसके जवाब में पुलिस अधीक्षक ने कई सरल तरीके बताए, जिनमें खुद की मेहनत और जज्बा को प्राथमिक बताया। उन्होंने कहा कि जब तक खुद में कुछ कर गुजरने का जज्बा पैदा नहीं होगा, तब तक कोई भी आदमी सफलता प्राप्त नहीं कर सकता है। सफलता का कोई एक फार्मूला नहीं होता, लेकिन अपनी क्षमता के अनुसार मेहनत करके और नई-नई तकनीकों का सहारा लेकर सफलता प्राप्त की जा सकती है। समय के साथ सफलता की कुंजी बदलती रहती है। समय के साथ अपने आप को बदलकर और मेहनत करके सफलता प्राप्त की जा सकती है। छात्रों से संवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आधुनिक अपराधों जैसे साइबर क्राइम आदि के बारे में छात्रों को जागरूक किया और कानूनी पहलुओं को भी समझाया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित भी किया।
.jpeg)