द फॉलोअप डेस्क
सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की जांच को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा रविवार को अपनी सात सदस्यीय टीम के साथ गोड्डा जिले पहुंचीं। उन्होंने पहले धमनी रहरबड़िया पहाड़, जो कि एनकाउंटर का स्थल है, का निरीक्षण किया और संबंधित पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक जेपीएन चौधरी, महागामा अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी, और बोआरीजोर पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र पासवान भी मौजूद रहे। टीम ने घटनास्थल पर मौजूद सबूतों और परिस्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद आयोग की टीम सूर्या हांसदा के पैतृक गांव डकैता, थाना ललमटिया, जिला गोड्डा पहुंची, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात की। आशा लकड़ा ने सूर्या हांसदा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी पत्नी, मां, भाई और बच्चों से विस्तृत बातचीत कर कई अहम जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने बच्चों से भी सूर्या हांसदा से जुड़ी जानकारियां लीं, जिनमें उनका नाम, पता और पारिवारिक स्थिति शामिल थी। मीडिया से बातचीत में आशा लकड़ा ने कहा, "फिलहाल आयोग तथ्यों को इकट्ठा कर रहा है। परिजनों से मुलाकात कर प्रारंभिक जानकारी ली गई है। अब प्रशासन के साथ बैठक की जाएगी। घटना से जुड़ी संवैधानिक शक्तियों का प्रयोग आयोग उचित समय पर करेगा। फिलहाल जांच जारी है, इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।"
.jpeg)