द फॉलोअप डेस्क
महाशिवरात्रि को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। शहर की विधि व्यवस्था संधारण को लेकर रांची डीसी ने संयुक्तादेश जारी किया गया है। महाशिवरात्रि पर विधि-व्यवस्था एवं राज्य कार्यकारिणी समिति के आदेशों का पालन कराने हेतु दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। 15 विभिन्न सुरक्षित थानों में एक पदाधिकारी और शहर के विभिन्न 86 स्थानों में स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। सभी प्रतिनियुक्तियां शनिवार सुबह 7 बजे से पूजा समारोह के समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी को लगातार इलाके में भ्रमण करने का आदेश दिया गया है। किसी भी प्रकार के जुलूस पर नज़र रखने और विधि व्यवस्था संधारण का आदेश दिया गया है।
ये भी पढ़े:- शिवरात्रि को लेकर राजधानी की बढ़ाई गई सुरक्षा, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई

दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति निम्न रूप से की गई है :-
1. कोतवाली थाना, लालपुर थाना, लोअर बाजार, डेली मार्केट, हिंदपीढी थाना।
प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी-अमित भगत, अंचल अधिकारी, शहर, रांची।
प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी - पुलिस अवर निरीक्षक, उत्तक कुमार राय, लोअर बाजार।
2. बरियातू थाना, सदर थाना, खेलगांव ओपी।
प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी - विजय केरकेट्टा, अंचल अधिकारी, ओरमांझी।
प्रतिनियुक्ति पुलिस पदाधिकारी - पुलिस अवर निरीक्षक, कमल किशोर पांडेय, सदर थाना
3. अरगोड़ा थाना, एयरपोर्ट, जगन्नाथपुर थाना, डोरंडा थाना, पुनदाग ओपी, धुर्वा थाना।
प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी - अरविंद कुमार ओझा, अंचल अधिकारी, अरगोड़ा।
प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी - पुलिस अवर निरीक्षक, असित कुमार लकड़ा, अरगोड़ा थाना।
4. सुखदेवनगर थाना, गोंदा थाना, पंडरा ओपी।
प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी - ओम प्रकाश मंडल, अंचल अधिकारी, हेहल।
प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी - पुलिस अवर निरीक्षक, निर्मल कुमार मंडल, पंडरा ओपी।

आवश्यकतानुसार प्रस्थान करने का निदेश
जिला कम्पोजिट कंट्रोल रूम में पवन कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी, सदर, रांची को वरीय प्रभार में प्रतिनियुक्त किया गया है। इन्हें किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर अभिलंब वरीय पदाधिकारियों को सूचित करने और विधि व्यवस्था दुरूस्त रखने के लिए आवश्यकतानुसार प्रस्थान करने का निदेश दिया गया है।
चिकित्सक दल को आवश्यक उपकरण तथा जीवनरक्षक दवा रखने का निदेश
अग्निशाम पदाधिकारी, ऑड्रे हाउस, धुर्वा, डोरंडा को अपने-अपने क्षेत्रवार स्थलों पर एक-एक अग्निशाम दस्ता की प्रतिनियुक्ति वाहन के साथ सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है। सिविल सर्जन, रांची को जिला नियंत्रण कक्ष में दो एंबुलेंस, चिकित्सक दल को आवश्यक उपकरण तथा जीवनरक्षक दवाओं के साथ प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है।
पीने के पानी ब्लीचिंग की व्यवस्था करने का निदेश
संयुक्तादेश में साफ-सफाई, पेयजल, चलंत सुलभ शौचालय की व्यवस्था के लिए उप नगर आयुक्त, रांची नगर निगम को निर्देशित करते हुए सभी प्रमुख शिवालयों के आसपास साफ-सफाई पीने के पानी ब्लीचिंग इत्यादि की व्यवस्था करने का निदेश दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक यातायात जीतवाहन उरांव को यातायात बल और पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त कर सुगम यातायात की व्यवस्था करने का निदेश दिया गया है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत महाशिवरात्रि के अवसर पर सतत एवं कड़ी निगरानी रखते हुए विधि-व्यवस्था संधारण करने का निर्देश संयुक्त आदेश में दिया गया है।

साइबर सेल को सोशल मीडिया पर निगरानी रखने का निदेश
सभी पुलिस उपाधीक्षक, रांची जिला को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिबंधित मांस, धर्म विरोधी गतिविधियों सांप्रदायिक भावना भड़काने वाले गाने, सोशल मीडिया द्वारा शेयर किए जाने वाले संवाद, गीत इत्यादि पर कड़ी नजर रखना सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही उक्त आलोक में आवांछित तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक साइबर सेल को सोशल मीडिया पर निगरानी रखने का निदेश दिया गया है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT