द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज कॉलेज में शनिवार को यूजी सेमेस्टर 1 के नामांकन शुल्क में बढ़ोतरी से नाराज आदिवासी कल्याण छात्रावास के छात्रों ने प्रशासनिक भवन में ताला जड़ दिया। इस दौरान कार्यालय का कार्य भी प्रभावित हुआ। छात्रों की मांग है कि यूजी सेमेस्टर- 1 सत्र 2025-29 में नए नामांकन शुल्क में वृद्धि की गई है, जो पिछले नामांकन शुल्क से कहीं अधिक है, जिससे गरीब छात्रों को शुल्क देने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने कुलपति से अनुरोध किया है कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए फिलहाल पुराने शुल्क लिया जाए।
छात्र नायक लाल मुर्मू और छात्र सचिव संदीप मुर्मू ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस साल एडमिशन फी, ट्यूशन फी, स्पोर्ट्स, आर्ट, कल्चर, बिल्डिंग मैनेजमेंट, डेवलपमेंट, लाइब्रेरी, कॉलेज एग्जाम फी, रजिस्ट्रेशन फी, स्टूडेंट यूनियन फी, लाइब्रेरी फी, एनएसएस, एनसीसी सहित अन्य चीजों में बढ़ोतरी की गई है, जबकि सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय स्तर पर इसका समाधान करने की मांग की, अन्यथा कॉलेज के प्रशासनिक भवन में अनिश्चितकालीन तक ताला जड़ा रहेगा।
इस मौके पर लाल मुर्मू, छात्र सचिव संदीप मुर्मू, पूर्व छात्र नायक विनोद मुर्मू, पूर्व छात्र सचिव लक्ष्मण टुडू, ललित जी, बेटका बास्की, अभिषेक हांसदा, लालचंद सोरेन, प्रदीप हांसदा सहित दर्जनों छात्र मौजूद थे। वहीं, प्राचार्य डॉ. एस आर आई रिजवी ने बताया कि छात्रों की मांग को विश्वविद्यालय स्तर पर रखा गया है।
