logo

मेधा सम्मान समारोह : सुदेश महतो ने टैलेंटेड स्टूडेंट को टैब और स्मार्ट वॉच देकर सम्मानित किया  

SUDESH005.jpeg

रांची
सिल्ली विधानसभा के सोनाहातू प्रखंड में सोमवार को मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। गूंज परिवार की ओर से समारोह में प्रखंड टॉपर्स को पढ़ाई में सहूलियत के लिए स्मार्ट टैब और स्कूल टॉपर्स को स्मार्ट वॉच देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सिल्ली विधायक और पूर्व डिप्टी सीएम सुदेश महतो ने मैट्रिक और प्लस टू में सफल होने वाले तथा इन परीक्षाओं में विशिष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मौके पर महतो ने कहा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सफलता हासिल करने के लिए पूरे क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है। इसमें मेधावी छात्रों की भूमिका भी अहम है। वे अपने जूनियर और खासकर सुदूर गांवों के बच्चों के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि कस्तूरबा विद्यालय में पढ़ने वाली बेटियों ने मिथक तोड़े हैं। इस विद्यालय में वैसे बच्चियों का दाखिला होता है, जो ड्रॉप आउट, कमजोर परिवार या किन्हीं मुश्किलों में रही हैं। लेकिन हमें खुशी है कि कस्तूरबा में पढ़ने वाली बेटियां मेहनत और लगन से आगे बढ़ती जा रही हैं। 

 

उन्होंने कहा कि मैट्रिक अथवा प्लस टू करने के बाद आप सभी छात्र- छात्राओं को एक लक्ष्य तय करने की जरूरत है। अब शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान, कौशल भी जरूरी है। आपकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा का स्रोत है, जिससे वे भी प्रेरित होकर अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए उत्साहित होंगे। उन्होंने कहा कि स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज, कॉलेज आने-जाने के लिए बस, लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं मुहैया कराने का मकसद ही है कि इस इलाके के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।  महतो ने इस बात पर जोर दिया कि गांवों में जब शिक्षा का वातावरण बनेगा, तो तस्वीर भी बदलेगी। “पढ़ेगा सिल्ली विधानसभा, बढ़ेगा सिल्ली विधानसभा” अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के सभी बच्चों को उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाना भी है।

मौके पर जिला परिषद सदस्य मंजू देवी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुकरा सिंह मुंडा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष-चित्तरंजन महतो पूर्व जिला परिषद सदस्या बीणा मुंडा, धरणी देवी, संजय महतो, सुषेण प्रमाणिक, रमेश सिंह मुंडा, मुखिया सावना महली, रूपकुमार साहू, भरत महतो, बिपिन सिंह, अशोक कुमार महतो, अभिराम महतो, बिन्देश्वर महतो, वाडेन शशिबाला बाड़ा, ज्ञान रंजन महतो, ललित महतो गौतम सिंह देव, कुणाल महतो, नवीन कुमार महतो, बिपद भंजन सिंह मुंडा, विकास महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गूंज परिवार के अध्यक्ष सुनील सिंह ने किया। 


 

Tags - Sudesh Mahato AJSUstudents