logo

सुनील कुमार साहू ने 500 समर्थकों के साथ थामा RJD का दामन,  केंद्र सरकार पर राजद नेताओं ने साधा निशाना

rjd14.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में रविवार को एक बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला जब लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार साहू ने अपने 500 समर्थकों के साथ आरजेडी का दामन थाम लिया। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय जनता दल झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “यह सरकार ना सिर्फ पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यकों के खिलाफ है, बल्कि उन राज्यों के भी खिलाफ काम कर रही है, जहां भाजपा की सरकार नहीं है। ऐसी सरकार को तत्काल हटाने की जरूरत है।”

इस अवसर पर पार्टी के झारखंड प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा, “बिहार की जनता डबल इंजन की सरकार से त्राहिमाम कर रही है।” वहीं राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने तेली समाज की एकजुटता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “यह वही तेली समाज है जिसे मनुवादियों ने दुत्कारा था, सुबह उठकर जिनका चेहरा तक नहीं देखना चाहते थे। यह लालू यादव की दूरदर्शिता और महानता है कि उन्होंने वंचित और पिछड़े समाज को सशक्त बनाया।”
झारखंड सरकार के श्रम नियोजन एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा, “झारखंड का उद्धार केवल लालू यादव की विचारधारा से ही संभव है।” सभा में बिहार राजद के प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने कहा, “आज अगर पिछड़ों, दलितों और गरीबों को कहीं सम्मान और हक मिलता है, तो वह सिर्फ राष्ट्रीय जनता दल में ही है। उन्होंने सुनील साहू से उम्मीद जताई कि वे झारखंड में साहू समाज को एकजुट करेंगे और पार्टी को मजबूत बनाएंगे।”
पूर्व मंत्री सुरेश पासवान और सत्यानंद भोक्ता ने लालू यादव की विचारधारा को नमन करते हुए कहा कि उन्हीं की सोच की बदौलत आज पिछड़े, दलित और आदिवासी समाज की आवाज सदन तक पहुंच रही है। पार्टी के युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजन यादव और मंजू साह ने भी अपनी बात रखते हुए लालू यादव का आभार व्यक्त किया।

राजद में शामिल होते हुए सुनील कुमार साहू ने कहा कि वे लालू यादव की विचारधारा और सामाजिक न्याय के आंदोलन से प्रभावित होकर ही राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हुए हैं। इस कार्यक्रम का मंच संचालन पार्टी की उपाध्यक्ष अनीता यादव ने किया।
इस अवसर पर कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे, जिनमें झारखंड प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, बिहार राजद के प्रधान महासचिव रणविजय साहू, झारखंड के मंत्री संजय प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, गौतम सागर राणा, युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रंजन यादव, मंजू साह, कमलेश यादव, डॉ. मनोज, मनोज पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।


 

Tags - latest Jharkhand News Jharkhand Updates latest jharkhand News Sunil Sahu joined RJD Latest RJD News jharkhand Updates jharkhand politics