रांची:
निलंबित IAS पूजा सिंघल की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी। सुनवाई न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और अभय ओठा की पीठ में होगी। बता दें कि पीठ ने दिसंबर में जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद 2 जनवरी की तिथि निर्धारित की थी। झारखंड हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद पूजा सिंघल ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुप्रीम कोर्ट में 12 दिसंबर को याचिका पर प्रारंभिक सुनवाई के बाद कोर्ट ने ईडी को जमानत मांगने के आधार की जांच करने के लिए कहा था। साथ ही याचिका को सुनवाई के लिए जनवरी में पेश करने का निर्देश दिया गया था।

झारखंड हाईकोर्ट की याचिका खारिज
बता दें कि झारखंड हाईकोर्ट से 3 नवंबर 2022 को जमानत याचिका खारिज होने के बाद पूजा सिंघल ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। झारखंड हाईकोर्ट ने याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि भ्रष्टाचार में लिप्त एक IAS अधिकारी को जमानत देने का कोई आधार नहीं बनता है। इसलिए,पूजा सिंघल की जमानत याचिका खारिज की जाती है। ईडी ने 11 मई को उन्हें गिरफ्तार किया था। पूजा सिंघल की ओर से दाखिल याचिका में बीमारी का हवाला दिया गया था।