रांचीः
राज्य की बेटियों ने हमेशा ही अपने खेल से राज्य का नाम पूरी देश-दुनिया में रौशन किया है। इसी कड़ी में गुमला की सुप्रीति कच्छप ने खेलों इंडिया प्रतियोगिता में झारखंड को गोल्ड दिलाया है। सुप्रीति की इस सफलता से पूरे राज्य खुश है। सुप्रीति की इस सफलता पर राज्य के पेयजल मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने ट्वीट कर बधाई दी है, इसके साथ ही गुमला के उपायुक्त ने भी सुप्रीति की कामयाबी पर ट्वीट कर बधाई दी है।

पहले भी बनाया था रिकॉर्ड
तीरंदाज दीपिका कुमारी ने भी सुप्रीति को शुभकामनाएं दी है। बता दें कि सुप्रीति धावक हैं, 2020 में भी खेलो इंडिया यूथ गेम्स एथलेटिक्स के 3000 मीटर में सुप्रीति कछप्प ने 10.00.02 सेकंड समय में दौड़ पूरा करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। साथ ही इस प्रतियोगिता में नया रिकॉर्ड भी बनाया था।

पंचकूला में हो रहा आयोजन
बता दें कि केंद्र सरकार के युवा कार्य और खेल मंत्रालय की ओर से हरियाणा के पंचकुला में 3 जून से 13 जून तक खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन हो रहा है, जहां 14 अलग-अलग खेल खेले जाएंगे। इस आयोजन में झारखंड के खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया है। बता दें कि एथलेटिक्स में आंसू कुमार सिंह, सुप्रीति कच्छप, विशाल बहादुर, विशाल कुमार, प्रेमलता केरकेट्टा, सदानंद, संजना लकड़ा, आशा किरण बारला, मो० सादाब ने हिस्सा लिया है।