logo

गढ़वा में 3 वर्षीय बच्चे की हत्या, अपहरण के बाद खेत में मिला शव; तांत्रिक एंगल की भी जांच 

SOURABH.jpg

गढ़वा 
गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र स्थित ओबरा गांव में तीन वर्षीय अनुराग उरांव की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। उसका शव घर के पीछे अरहर के खेत में बोरे में बंद अवस्था में मिला। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
अनुराग उरांव, जैनेंद्र उरांव का पुत्र था। सोमवार की शाम करीब चार बजे वह अपनी बुआ के साथ घर से लगभग 50 मीटर दूर दुकान पर गया था। लौटते समय वह खेलने लगा और अचानक गायब हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन देर रात तक पता नहीं चलने पर बरडीहा थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।


मंगलवार को घर के पीछे खेत में उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक वृज कुमार और थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।

तांत्रिक क्रिया की चर्चा, डॉग स्क्वॉड ने पकड़ा सुराग
थाना प्रभारी ने बताया कि शव के पास एक पैर का निशान मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना से एक दिन पहले वर्षा हुई थी, लेकिन जिस बोरे में शव मिला वह सूखा था। इससे आशंका है कि शव वर्षा के बाद वहां रखा गया।
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए गढ़वा से डॉग स्क्वॉड की टीम बुलाई गई। जांच के दौरान खोजी कुत्ता ओबरा पंचायत के वार्ड नंबर 8 के वार्ड पार्षद ललन उरांव के घर में घुस गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तांत्रिक क्रिया की आशंका भी जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वर्षों पहले इसी गांव में ओझा-तांत्रिक के शक में एक दंपती की हत्या की गई थी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आधिकारिक रूप से किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Jharkhand Crime News Update Today  Suspicion Village Shock