द फॉलोअप डेस्क
लगातार हो रही बारिश और स्वर्णरेखा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए मानगो नगर प्रशासन (एमएनएसी) की टीम ने शनिवार को तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने स्वर्णरेखा नदी के घाट, नालों की सफाई, जलनिकासी व्यवस्था और जलजमाव वाले क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया।
एमएनएसी अधिकारियों ने स्थानीय कर्मियों को सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया है ताकि जलस्तर में अचानक वृद्धि या भारी वर्षा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभाग अलर्ट मोड में हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
वर्तमान में स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर मानगो पुल के पास 122.46 मीटर दर्ज किया गया है, जो कि खतरे के निशान 121.50 मीटर से ऊपर है। वहीं, खरकई नदी का जलस्तर आदित्यपुर पुल के पास 131.00 मीटर है, जबकि इसका खतरे का निशान 129 मीटर तय किया गया है। दोनों नदियां खतरे के स्तर को पार कर चुकी हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
एमएनएसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी के किनारे या निचले इलाकों से दूर रहें और बारिश के दौरान ऊँचे स्थानों पर रहने की कोशिश करें। साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि नालों में कचरा न फेंकें, ताकि जलनिकासी बाधित न हो और साफ-सफाई बनी रहे। प्रशासन ने बताया कि जलजमाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और ज़रूरत के अनुसार तत्काल कदम उठाए जा रहे हैं। आमजन से सहयोग की अपेक्षा करते हुए प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है।
.jpeg)